आरा में शिक्षकों का प्रदर्शन, विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक वापस लेने की मांग

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के 250 शिक्षकों ने बिहार सरकार के प्रस्तावित विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक के खिलाफ धरना दिया. शिक्षकों का कहना है कि यह विधेयक विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता और अकादमिक वातावरण को नुकसान पहुंचाएगा.

बिहार सरकार द्वारा प्रस्तावित विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक के विरोध में वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (वाकूटा) के आह्वान पर गुरुवार को शाहाबाद क्षेत्र के सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के करीब 250 शिक्षकों ने सामूहिक अवकाश लेकर वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय मुख्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया.

इस दौरान शिक्षकों ने प्रस्तावित विधेयक को विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता के लिए नुकसानदायक बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की.

विश्वविद्यालयों के अकादमिक वातावरण पर पड़ेगा असर

धरना-सभा को संबोधित करते हुए वाकूटा के महासचिव डॉ. शशि भूषण राय सहित विभिन्न महाविद्यालयों से आए शिक्षकों ने कहा कि प्रस्तावित विधेयक विश्वविद्यालयों के वर्षों से स्थापित स्थिर एवं स्वस्थ अकादमिक वातावरण को प्रभावित करेगा.

वक्ताओं का कहना था कि वर्तमान में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सीबीसीएस एवं एफवाईयूपी पाठ्यक्रम लागू किए जा रहे हैं. ऐसे समय में विश्वविद्यालयों की संरचना और प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव करना शैक्षणिक गतिविधियों को बाधित करेगा तथा नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन में भी अवरोध उत्पन्न करेगा.

व्यापक विचार-विमर्श के बिना लागू न करने की मांग

शिक्षकों ने आशंका जताई कि प्रस्तावित संशोधन का प्रतिकूल असर शिक्षकों, विद्यार्थियों और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ेगा.

उन्होंने सरकार से मांग की कि विधेयक को तत्काल वापस लिया जाए अथवा इसे लागू करने से पहले राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के शिक्षकों, शिक्षाविदों एवं अन्य संबंधित पक्षों से व्यापक स्तर पर विचार-विमर्श किया जाए.

मांगें न मानने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

धरना के अंत में वाकूटा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार शिक्षकों की न्यायोचित मांगों और चिंताओं की अनदेखी करती है, तो संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपने आंदोलन को और व्यापक करने के लिए बाध्य होगा.

Also Read : शेखपुरा में नीट पेपर लीक और पुलिसिया दमन के खिलाफ छात्रों का बड़ा प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, देखें वीडियो..


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashutosh pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >