Arrah Accident News : दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर कुल्हड़िया स्टेशन के समीप ट्रेन से गिरकर करीब 45 वर्षीय एक अज्ञात शख्स की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया.
शिनाख्त में जुटी रेल पुलिस
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रेल पुलिस ने मृतक की पहचान कराने की कवायद शुरू कर दी है. खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस आसपास के थानों और अन्य माध्यमों से पहचान कराने का प्रयास कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया
रेल पुलिस की ओर से तैयार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार प्रथम दृष्टया अधेड़ की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई प्रतीत होती है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले की पड़ताल जारी है.
आरा की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
हत्या के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
दूसरी ओर, उदवंतनगर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने घोरपोखर गांव स्थित उसके घर से पिंटू कुमार को गिरफ्तार किया. आरोपी घोरपोखर निवासी रंजीत सिंह का पुत्र बताया गया है.
अप्रैल की घटना में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार 2 अप्रैल को घोरपोखर गांव निवासी मदन सिंह के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी. इसके बाद मृतक के पुत्र बासरोपन कुमार ने पिंटू कुमार समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था. तभी से आरोपी फरार चल रहा था.
पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर दी जानकारी
भोजपुर पुलिस अधीक्षक राज ने प्रेस नोट जारी कर आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है.
Also Read : आरा में पिकअप ने बाइक सवार को रौंदा, मौके पर मौत; भागने के दौरान खाई में पलटा वाहन
