भोजपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बुधवार को घटित सड़क हादसे में बाइक सवार दो फेरीवाले जख्मी हो गए. दोनों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया.
पहली घटना आरा-सिन्हा मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के यादोपुर गांव के समीप की है. जहां बुधवार की सुबह मैजिक वाहन ने लूना सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. इसके बाद डायल 112 नंबर पुलिस के सहयोग से परिजनों द्वारा उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया.
जानकारी के अनुसार जख्मी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मखदुमपुर डुमरा गांव निवासी एतवारू प्रसाद का 20 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार है.
गांव से आरा जा रहा था बाइक सवार
इधर, जख्मी युवक के परिजन ने बताया कि बुधवार की सुबह वह लूना बाइक द्वारा अपने गांव से आरा जा रहा था. इस दौरान यादोपुर गांव के समीप पीछे से आ रहे मैजिक वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. पुलिस ने उक्त मैजिक वाहन को जब्त कर लिया है.
अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराई बाइक
वहीं दूसरी घटना आरा-सलेमपुर मार्ग पर धोबहा थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव के समीप की है. जहां बुधवार की दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार फेरीवाला गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
जख्मी युवक टाउन थाना क्षेत्र के धरहरा हनुमान टोला निवासी कृष्णा चौधरी का 24 वर्षीय पुत्र लालजी चौधरी है. वह पेशे से फेरीवाला है.
इधर, लालजी चौधरी ने बताया कि वह रोज की तरह बुधवार की सुबह बाइक द्वारा फेरी करने के लिए सलेमपुर गांव गया था. बुधवार की दोपहर जब वह वापस आरा लौट रहा था, उसी दौरान सलेमपुर गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे बाइक सवार ने उसे चकमा दे दिया. जिससे उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
