दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर स्थित आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर अलग-अलग ट्रेन हादसों में अज्ञात बुजुर्ग समेत दो लोगों की मौत हो गई.
पहली घटना आरा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर बुधवार की रात घटी, जहां ट्रेन से गिरकर एक अज्ञात 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई. घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.
सूचना मिलने पर रेल पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. इसके बाद पुलिस मृतक की पहचान करने और मामले की छानबीन में जुट गई. पुलिस द्वारा तैयार की गई मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, बुजुर्ग की मौत ट्रेन से गिरकर होना प्रतीत होता है.
गांधीधाम एक्सप्रेस से गिरकर अधेड़ की जान गई
दूसरी घटना आरा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर गुरुवार की सुबह घटी. जहां गांधीधाम एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर एक अज्ञात 50 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई.
सूचना पाकर रेल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवाया.
पुलिस द्वारा बनाई गई मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, अधेड़ की मौत गांधीधाम एक्सप्रेस में चढ़ने या उतरने के क्रम में अनियंत्रित होकर गिरने से होना प्रतीत होता है. हालांकि खबर लिखे जाने तक दोनों शवो की शिनाख्त नहीं हो पाई है.
