Arrah Road Accident : आरा के कोईलवर थाना क्षेत्र के अब्दुल बारी पुल के समीप सोमवार देर रात मजदूरों से भरी एक ऑटो अज्ञात ट्रक के चकमे से अनियंत्रित होकर रेलवे की दीवार से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में ऑटो पर सवार सात मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए.
दो मजदूरों की गई जान, पांच की हालत गंभीर
हादसे में नगर पंचायत कोईलवर के वार्ड संख्या छह निवासी 50 वर्षीय मो. सगीर की इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं वार्ड संख्या पांच निवासी 50 वर्षीय मो. अलीम ने पटना ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया. घायलों में कृष्णा राय, अनिल राय, संतोष राय, सुजीत कुमार और शंभू कुमार शामिल हैं. सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है.
बालू घाट से लौट रहे थे सभी मजदूर
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी मजदूर बिहटा थाना क्षेत्र के लई इलाके के एक बालू घाट पर मजदूरी करने के बाद देर रात ऑटो से अपने घर कोईलवर लौट रहे थे. इसी दौरान कोईलवर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने ऑटो को चकमा दे दिया. चालक का संतुलन बिगड़ने से ऑटो सीधे रेलवे की दीवार से जा टकराई.
स्थानीय लोगों और पुलिस ने पहुंचाई मदद
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. डायल-112 की टीम और स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोईलवर पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मजदूरों को आरा और पटना के अस्पतालों में रेफर किया गया. सूचना मिलने पर कोईलवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
परिवारों में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए. दोनों मजदूरों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
Also Read : आरा की सड़कों पर खटालों का कब्जा? गंदगी, जाम और आवारा पशुओं से बढ़ीं लोगों की मुश्किलें
