Arrah Tiranga Yatra : ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत आरा सदर प्रखंड अंतर्गत छोटकी सनदिया पंचायत में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. तिरंगा यात्रा का नेतृत्व जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया द्वारा किया गया. इस दौरान छोटे-छोटे बच्चों एवं स्कूली विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था.
वंदे मातरम् के उद्घोष से गुंजायमान रहा वातावरण
हाथों में तिरंगा लिए बच्चे पूरे रास्ते जोश और उत्साह के साथ देशभक्ति के नारे लगाते रहे तथा वंदे मातरम् के उद्घोष से वातावरण को गुंजायमान करते रहे. यात्रा में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
जनभागीदारी का जीवंत स्वरूप और उत्साह
बच्चे, युवा, महिलाएं एवं बुजुर्ग, सभी आयु वर्ग के लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने तिरंगा यात्रा को जनभागीदारी का जीवंत स्वरूप प्रदान किया. पूरे मार्ग में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला.
जिलाधिकारी का संदेश और अपील
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता का प्रतीक है. हर घर तिरंगा अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने गौरव, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव की अभिव्यक्ति का अवसर प्रदान करता है.
उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा अधिक से अधिक लोगों की जनभागीदारी के साथ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को सफल बनाने की अपील की.
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी और जनप्रतिनिधि
तिरंगा यात्रा में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मुखिया, पंचायत प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
