ट्रक ने बाइक सवार दंपती को मारी ठाेकर, पत्नी की मौत, पति जख्मी

चांदी थाना क्षेत्र के जलपुरा मोड़ के समीप हुई घटना

आरा.

सकड्डी-नासरीगंज मार्ग पर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के जलपुरा मोड़ के समीप रविवार की सुबह बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक पर पीछे बैठी पत्नी की मौत हो गयी. इलाज के लिए अखगांव स्थित अस्पताल ले जाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया. जबकि बाइक चला रहे पति आंशिक रूप से जख्मी हो गये. घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ मौके से फरार हो गया. हादसे को लेकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. उधर, घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा. गुस्साएं ग्रामीणों ने जलपुरा मोड़ के समीप शव को सड़क के बीच रख जाम कर दिया. करीब तीन घंटे तक सड़क को जाम रखा गया, जिसके कारण सड़क की दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लगी रही एवं आवागमन पूरी तरह ठप रहा. जाम की सूचना पाकर चांदी थानाध्यक्ष राकेश रौशन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बूझाकर जाम को हटाया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया. वहीं पुलिस ने उसे ट्रक को भी जब्त कर लिया है. जानकारी के अनुसार मृतका संदेश थाना क्षेत्र के संदेश गांव निवासी देवेश कुमार प्रताप की 35 वर्षीया पत्नी इंदू प्रताप है. इधर, मृतका के पिता अशोक कुमार पंडित ने बताया कि रविवार की सुबह पटना ससुराल से अपने पति देवेश कुमार प्रताप के साथ बाइक द्वारा संदेश गांव मायके आ रही थी. इसी क्रम में जब वह कोईलवर थी तो फोन के माध्यम से उससे बात भी हुई थी. तब उसने बताया था कि मैं अभी कोईलवर हूं. इसी बीच जलपुरा मोड़ के समीप बेलगाम ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उनकी बेटी की मौत हो गयी. इसके पश्चात स्थानीय ग्रामीण से सूचना पाकर परिजन वहां पहुंचे. बताया जाता है कि मृतका को तीन पुत्री अमृता श्री, आदया नारायण, आदित्यजी एवं एक पुत्र सच्चिदानंद है..घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया है. मृतका के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEVENDRA DUBEY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >