करनामेपुर थाना क्षेत्र के ओझवलिया मोड़ के समीप रविवार की सुबह एक युवक ने अपने जीजा के छोटे भाई को गोली मार दी. जख्मी युवक उत्तरप्रदेश के बैरिया थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव निवासी देव कृष्णा ठाकुर का 25 वर्षीय पुत्र सोनू ठाकुर है. वह डेरी संचालक है और बैरिया में अपना दूध डेरी चलाते हैं. गोली उनके बाएं हाथ में लगी है. जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गये. जख्मी का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है. गोली मारने का आरोपित ओझवलिया गांव निवासी साधु राय है. सूचना मिलने पर करनामेपुर थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और मामले की छानबीन की. पुलिस आरोपित की धरपकड़ में जुटी है. इस मामले में जख्मी सोनू कुमार ठाकुर का बयान दर्ज कराया गया है. उसमें सोनू कुमार ठाकुर की ओर से कहा गया है कि करनामेपुर थाना क्षेत्र के ओझवलिया गांव निवासी साधु राय द्वारा रंगदारी के रूप में 40 हजार रुपये मांगी जा रही थी. नहीं देने पर उसने गोली मार दी. उसने बताया कि रविवार की सुबह वह अपने दरवाजे पर बैठा था. वहां उनके बड़े भाई उधारी ठाकुर का साला साधु राय भी पहुंचा. वहां दोनों के बीच कहासुनी होने लगी. तब उनकी पत्नी घर से बाहर आयी और साधु राय को बोली कि एक तो गलती कर रहे हो और ऊपर से गाली दे रहे हो. तब साधु राय उसकी पत्नी को गाली दे दिया. उसके बाद साधु राय देख लेने की धमकी देता निकल गया. कुछ देर बाद वह दूध की गाड़ी लेकर बक्सर के पड़री गांव जा रहा था. उस क्रम में वह ओझवलिया मोड़ के समीप पहुंचा. तभी साधु राय बाइक से पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए गोली मार दी. थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार ने बताया कि घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है. जांच के क्रम में पैसे के लेनदेन और प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है. हालांकि पुलिस दोनों बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.