ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
बिहिया रेलवे स्टेशन पर हुई घटना
बिहिया.
दानापुर रेल मंडल के बिहिया रेलवे स्टेशन पर रविवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार नॉन स्टॉप ट्रेन की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नियाजीपुर गांव निवासी कामेश्वर पाठक के पुत्र विश्वजीत कुमार के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, युवक रेल ट्रैक पार करने के दौरान तेज गति से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल बिहिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गये. बताया जाता है कि विश्वजीत कुमार की शादी करीब एक वर्ष पूर्व बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा गांव में हुई थी. रविवार को वह अपने ससुराल से वापस गांव लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया. हालांकि जीआरपी आरा थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई है. वहीं घटना के बाद मृतक की पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.