बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा गांव के समीप सोमवार की सुबह घटी घटना
आरा.
आरा-बक्सर फोरलेन पर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा गांव के समीप दो बाइकाें की सीधी भिड़ंत हो गयी. हादसे में दोनों बाइकों पर सवार दंपती समेत पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये. परिजनों द्वारा उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद दो को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार घायलों में एक बाइक पर सवार जगदीशपुर थाना क्षेत्र के लीला टोला गांव निवासी वीरेंद्र कुमार एवं उनकी पत्नी पूनम देवी शामिल हैं. जबकि दूसरी बाइक पर सवार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव निवासी विजय कुमार की 14 वर्षीया पुत्री रेखा कुमारी, उसी गांव के निवासी बासदेव प्रसाद का 25 वर्षीय पुत्र अजय कुमार एवं उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के जरोवरपुर रामपुर गांव निवासी अखिलेश कुमार की 20 वर्षीया पत्नी आशा देवी शामिल हैं. इनमें अजय कुमार जख्मी रेखा कुमारी एवं आशा देवी का रिश्ते में चाचा हैं. इधर, जख्मी अजय कुमार के परिजन ने बताया कि वह अपनी भतीजी रेखा कुमारी के साथ बाइक द्वारा एक दिन पूर्व अपनी भतीजी आशा देवी के ससुराल बलिया के जरोवरपुर रामपुर उसे लाने गया था. सोमवार की सुबह तीनों बाइक द्वारा वापस लौट रहे थे. जबकि दूसरे बाइक पर सवार वीरेंद्र कुमार अपनी पत्नी पूनम देवी के साथ जगदीशपुर से आरा जा रहे थे. उसी दौरान अमराई नवादा गांव के समीप दोनों की बाइक में सीधी भिड़ंत हो गयी, जिससे सभी गंभीर रूप से जख्मी हो गये. तब परिजन द्वारा सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद अजय कुमार एवं वीरेंद्र कुमार को पटना रेफर कर दिया गया.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.