रेल ओवरब्रिज पर वाहनों की आमने-सामने की टक्कर में घंटों लगा रहा जाम
बिहिया नगर स्थित रेल ओवरब्रिज पर हुई घटना
बिहिया.
बिहिया-बिहटा स्टेट हाइवे 102 पर बिहिया नगर स्थित रेल ओवरब्रिज पर मंगलवार की देर शाम दो वाहनों की आमने-सामने की हुई टक्कर में घंटों जाम लगा रहा. जानकारी के अनुसार आरओबी पर एक स्कॉर्पियो वाहन एवं एक कार में आमने-सामने की टक्कर हो गयी, जिससे दोनों ही वाहन क्षतिग्रस्त हो गये.
हालांकि घटना में किसी को चोटें नहीं आने की बात बतायी जा रही है. बताया जा रहा है कि वाहनों पर सवार लोग बारात में जा रहे थे. इसी दौरान आरओबी पर टक्कर हो गयी. घटना के बाद आरओबी पर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं. बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों ही वाहनों को आरओबी से हटवाया तब जाकर यातायात सामान्य हो पाया. इस दौरान अफरा-तफरी मची रही. वहीं एक अन्य घटना में मंगलवार की शाम आरओबी पर एक अनियंत्रित ट्रैक्टर पलट गया जिससे देर तक स्टेट हाइवे पर यातायात प्रभावित रहा. बाद में ट्रैक्टर हटाया गया परंतु उसके बाद कारों के टक्कर की घटना घटित हो गयी.