बेलगाम पिकअप ने साइकिल सवार आइसक्रीम विक्रेता को रौंदा, गयी जान
Copied link
आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर जाम की सड़क
आरा.
बिहिया-बिहटा स्टेट हाइवे पर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के कनइल टोला स्थित स्कूल के समीप सोमवार की सुबह बेलगाम पिकअप वैन ने साइकिल सवार आइसक्रीम दुकानदार को रौंद दिया. हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं, घटना के बाद चालक पिकअप वैन छोड़कर मौके से फरार हो गया. घटना को लेकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मची रही. जानकारी के अनुसार मृतक पीरो थाना क्षेत्र के छेदी टोला गांव निवासी धरीक्षण चौधरी का 25 वर्षीय पुत्र संतोष चौधरी है. वह आइसक्रीम दुकानदार था. साइकिल से गांव-गांव घूम-घूमकर आइसक्रीम बेचता था. उधर, घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर बिहिया-बिहटा स्टेट हाइवे पर कनईल टोला के समीप शव को सड़क के बीच सड़क जाम कर दिया. उनके द्वारा करीब चार घंटे तक सड़क को जाम रखा गया. सड़क जाम होने के कारण सड़क की दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गयी एवं आवागमन पूरी तरह ठप रहा. सड़क जाम की सूचना पाकर पीरो एसडीपीओ कृष्ण कुमार सिंह, वीडियो अशोक कुमार एवं थानाध्यक्ष दीपक कुमार साह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम को हटाया. वहीं वीडियो अशोक कुमार के द्वारा मृतक के परिजनों को दास संस्कार के लिए 23 हजार रुपये नकद प्रदान किया गया. इसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया. इधर, मृतक के बड़े भाई सनोज कुमार ने बताया कि वह सोमवार की सुबह रोज की तरह आइसक्रीम बेचने के लिए कनईल टोला गया हुआ था. इस दौरान बेलगाम पिकअप में उसे रौंद दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. सूचना पाकर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी. बताया जाता है कि मृतक अपने चार भाई व एक बहन में तीसरे स्थान पर था.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.