स्काॅर्पियो ने बाइक सवार बीजेपी नेता समेत दो को मारी टक्कर, जख्मी
गीधा थाना क्षेत्र के शिवनगर के समीप मंगलवार की शाम हुई घटना
आरा.
गीधा थाना क्षेत्र के शिवनगर के समीप मंगलवार की शाम स्काॅर्पियो ने बाइक सवार बीजेपी नेता समेत दो लोगों टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गये. उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. जानकारी के अनुसार घायलों में गीधा थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी बीजेपी नेता राहुल कुमार सिंह एवं उसी गांव के निवासी रितेश कुमार शामिल हैं. दोनों दोस्त बताये जा रहे हैं.
इधर, बीजेपी नेता राहुल कुमार सिंह ने बताया कि वह बाइक से अपने दोस्त रितेश कुमार के साथ कोईलवर थाना क्षेत्र के बागमझौवां गांव पैक्स अध्यक्ष के यहां उनके हनुमान मंदिर पूजा में शामिल होने के लिए जा रहे थे. इसी क्रम में जैसे ही वह शिवनगर के पास पहुंचे, तभी रॉन्ग साइड से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. हादसे में बीजेपी नेता राहुल कुमार सिंह एवं उनके दोस्त रितेश कुमार सिंह को काफी गंभीर चोटें आयी हैं. वहीं दूसरी तरफ जख्मी बीजेपी नेता राहुल कुमार सिंह ने अपने गांव के ही एक व्यक्ति पर अपने स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार से रॉन्ग साइड आकर उनके बाइक में टक्कर मारकर जख्मी करने का आरोप लगाया है. बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है.