Arrah News: भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत खवनी गांव में शुक्रवार की शाम सर्पदंश की एक हृदयविदारक घटना सामने आई. घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रहे 14 वर्षीय एक किशोर को विषैले सांप ने डंस लिया. हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. इसके बावजूद अंधविश्वास के चलते परिजन शव को लेकर झाड़-फूंक कराने कई गांवों में भटकते रहे.
मृतक की पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि
मृत किशोर की शिनाख्त तरारी थाना क्षेत्र के खवनी गांव (वार्ड नंबर-8) निवासी वीर कुंवर राम के 14 वर्षीय पुत्र विष्णु शंकर के रूप में की गई है. वह स्थानीय विद्यालय में सातवीं कक्षा का छात्र था. किशोर अपने दो भाइयों और एक बहन में दूसरे स्थान पर था. परिवार में उसकी मां धनराजो देवी, बड़ा भाई भोले शंकर और बहन प्रभा कुमारी हैं. होनहार बेटे की असमय मौत से मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
दादा ने बयां किया दर्दनाक घटनाक्रम
मृतक के दादा अमीन राम ने बताया कि शुक्रवार की शाम विष्णु शंकर अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल-कूद रहा था. इसी दौरान झाड़ियों या गड्ढे से निकले एक बेहद विषैले सांप ने अचानक उसके पैर में डंस लिया. डंसते ही किशोर दर्द से चीखने लगा. आवाज सुनकर जब तक स्वजन और ग्रामीण बाहर आए, तब तक सांप के विष का असर उसके शरीर में तेजी से फैलने लगा था.
अस्पताल में मृत घोषित, फिर भी झाड़-फूंक के लिए भटके
परिजनों ने आनन-फानन में किशोर को इलाज के लिए तरारी स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने नब्ज टटोलकर और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बावजूद परिजनों का मन अनहोनी को स्वीकार नहीं कर सका. वे अपनी संतुष्टि के लिए किशोर को लेकर थाना क्षेत्र के सेदहां और विशंभरापुर गांवों में पहुंचे, जहां ओझाओं से झाड़-फूंक करवाई गई. वहां भी ओझाओं और ग्रामीणों द्वारा मृत बताए जाने के बाद परिजन बेबस होकर शव को वापस गांव ले आए.
पुलिस ने सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
घटना के बाद परिजनों ने स्थानीय तरारी थाने को मामले की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से आवश्यक जानकारी जुटाई. पुलिस ने विधिक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस ने मामले में अस्वाभाविक मौत (यूडी केस) दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है.
Also Read: आरा में युवक को गोली मारने के मामले में मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार, पिस्टल और चार कारतूस बरामद
