आरा में इंटर के छात्र की गला रेतकर हत्या, दलित टोला से मिला शव; घर से निकला था सामान लाने

Arrah Inter Student Murder : आरा जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र में एक इंटरमीडिएट छात्र की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. घर से सामान खरीदने निकले 18 वर्षीय प्रीतम कुमार सिंह का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. परिजनों ने साजिश का आरोप लगाया है.

Arrah Inter Student Murder : आरा जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. गजराजगंज ओपी अंतर्गत मसाढ़ गांव में एक इंटर के छात्र की गला रेतकर हत्या कर दी गई. उसका शव गांव के दलित टोला से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

मृतक की पहचान मसाढ़ गांव निवासी स्वर्गीय मिथिलेश सिंह के 18 वर्षीय पुत्र प्रीतम कुमार सिंह के रूप में हुई है. वह इंटर का छात्र था और पढ़ाई कर रहा था.

Crime News : सामान खरीदने निकला, फिर नहीं लौटा

परिजनों के अनुसार, प्रीतम शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह बाजार से कुछ सामान खरीदने जा रहा है. लेकिन देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिवार को चिंता होने लगी.

करीब साढ़े सात बजे उसके चाचा विमलेश कुमार को ग्रामीणों का फोन आया, जिसमें बताया गया कि गांव के दलित टोला में भीड़ लगी है और वहां एक युवक का शव पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे.

Arrah News : गला रेतकर फेंका गया शव

परिजनों ने वहां पहुंचकर देखा कि प्रीतम का शव पड़ा हुआ है और उसका गला रेतकर हत्या की गई है. यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई. घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई.

परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

मृतक के बड़े भाई प्रिंस राज ने बताया कि प्रीतम का गांव में किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी. उन्होंने आशंका जताई है कि अज्ञात लोगों द्वारा साजिश के तहत उसकी हत्या की गई है.

Udwantnagar Incident : मौके से चाकू बरामद, एफएसएल टीम जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-वन राजकुमार साह और गजराजगंज ओपी इंचार्ज चंचल कुमार महथा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है.

साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं.

पुलिस जांच जारी, कारण स्पष्ट नहीं

पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. परिजन भी किसी ठोस वजह की जानकारी नहीं दे पा रहे हैं. ऐसे में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.

परिवार में मातम, गांव में दहशत

घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी इस घटना को लेकर भय और तनाव का माहौल बना हुआ है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Md. Wasim

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >