भोजपुर: इंटर छात्र हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या के हथियार बरामद

भोजपुर जिले के मसाढ़ गांव में 17 जुलाई को हुई इंटर छात्र प्रीतम कुमार सिंह की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. 44 हजार रुपये के विवाद में दो युवकों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था.

Bभोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र के मसाढ़ गांव में 17 जुलाई की शाम इंटर के छात्र प्रीतम कुमार सिंह उर्फ प्रीतम राज की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार 44 हजार रुपये के लेन-देन के विवाद में गांव के ही दो युवकों ने पत्थर और चाकू से उसकी हत्या कर दी थी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, पत्थर तथा खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं.

तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सदर एसडीपीओ-1 राज कुमार साह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मसाढ़ गांव निवासी पिंटू सिंह के पुत्र अंशु कुमार और स्व. रिंकू सुधन सिंह के पुत्र भोलू कुमार सिंह के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष चंचल कुमार महथा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी. डीआईयू की तकनीकी सहायता और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही.

₹44 हजार के विवाद में रची गई हत्या की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि प्रीतम, अंशु और भोलू एक साथ काम करते थे. प्रीतम के 44 हजार रुपये दोनों आरोपियों के पास बकाया थे. वह लगातार अपने पैसे वापस मांग रहा था, जिससे दोनों नाराज थे. इसी विवाद में दोनों ने पहले उसकी रेकी की और 17 जुलाई की शाम उसे सुनसान स्थान पर पकड़ लिया.

पहले पत्थर से हमला, फिर चाकू से रेता गला

एसडीपीओ ने बताया कि आरोपियों ने पहले पत्थर से प्रीतम पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल किया. इसके बाद चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद शव को गांव की महादलित बस्ती के पास फेंक दिया गया था, जहां से उसी रात पुलिस ने उसे बरामद किया था.

स्पीडी ट्रायल के लिए भेजा जाएगा प्रस्ताव

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, पत्थर और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं. एसडीपीओ ने बताया कि मामले में जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी और आरोपियों को शीघ्र सजा दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल चलाने का प्रस्ताव न्यायालय को भेजा जाएगा.

गौरतलब है कि 17 जुलाई की शाम मसाढ़ गांव निवासी मिथिलेश सिंह का 18 वर्षीय पुत्र प्रीतम कुमार सिंह उर्फ प्रीतम राज घर से सामान खरीदने निकला था. देर रात उसका शव गांव की महादलित बस्ती के पास मिला था, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Md. Wasim

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >