शाहपुर में गहराया बाढ़ का खतरा, लक्षुटोला समेत कई गांवों में घुसा गंगा का पानी

गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से शाहपुर प्रखंड के दियारा इलाके में बाढ़ का खतरा गहरा गया है. लक्षुटोला, लालू डेरा समेत कई गांवों में गंगा का पानी घरों तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत है. धर्मावती नदी का जलस्तर बढ़ने से किसानों की चिंता भी बढ़ी हुई है.

Shahpur Flood Ganga River (मिथिलेश्वर) : गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से शाहपुर प्रखंड के दियारा इलाके में बाढ़ का खतरा गहराने लगा है. गंगा का पानी सहायक नदियों और धाराओं के माध्यम से खेतों के बाद अब गांवों की ओर तेजी से फैलने लगा है, जिससे लक्षुटोला, लालू डेरा, बहोरनपुर, सुहिया एवं दामोदरपुर पंचायत के कई गांवों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है.

घरों में पानी प्रवेश और आवागमन प्रभावित

लक्षुटोला पंचायत के लक्षुटोला गांव के वार्ड संख्या 13 एवं 14 में गंगा नदी का पानी घरों में प्रवेश करने लगा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण लक्षुटोला-सारंगपुर पथ पर भी बाढ़ का पानी चढ़ गया है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है.

धर्मावती नदी का जलस्तर बढ़ने से बढ़ी चिंता

उधर धर्मावती नदी का जलस्तर भी बढ़ने से स्थिति गंभीर होने लगी है. नदी का पानी खेतों की ओर फैल रहा है, जिससे खेतों में खड़ी फसलों के डूबने और बर्बाद होने की चिंता किसानों को सताने लगी है. पहले से सूखे की मार झेल रहे किसानों के लिए बाढ़ का पानी नई परेशानी लेकर आया है.

Also Read : पर्यटन का नया ठिकाना बन सकती है गया जी की मंडा पहाड़ी, 7 गुफाएं और प्राचीन मूर्तियां हैं खास आकर्षण

ग्रामीणों की परेशानी और राहत की मांग

लक्षुटोला पंचायत निवासी कृपाशंकर यादव ने बताया कि बीती रात से गंगा के जलस्तर में अचानक तेज वृद्धि हुई है और देखते ही देखते गांव में पानी प्रवेश करने लगा है. कई परिवार घरों में रखे अनाज, जरूरी सामान और अन्य घरेलू वस्तुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं, तथा ग्रामीणों ने प्रशासन से निगरानी रखने की मांग की है.

प्रशासनिक मुस्तैदी और अधिकारियों के निर्देश

सीओ आनंद प्रकाश ने बताया कि प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. सभी राजस्व कर्मचारियों को अलर्ट मोड में रहने व मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >