Bhojpur Flood: शाहपुर प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए श्रम संसाधन मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर ने सोमवार को अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने हरिहरपुर पंचायत के चंदा केवटिया और करजा पंचायत क्षेत्र में सड़क मार्ग से पहुंचकर बाढ़ से उत्पन्न हालात को नजदीक से देखा. इस दौरान उन्होंने बाढ़ से बड़े पैमाने पर हुई फसल क्षति का भी जायजा लिया और स्थानीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली.
बाढ़ प्रभावितों को हरसंभव सुविधा देने का दावा
प्रभारी मंत्री ने कहा कि बाढ़ के कारण क्षेत्र में काफी क्षति हुई है. सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं, ताकि प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो. उन्होंने बताया कि पशुपालकों को पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके अलावा बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सामुदायिक रसोई का संचालन भी किया जा रहा है.
20 पंचायतों में बाढ़ का असर
दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री को बताया गया कि प्रखंड की सभी 20 पंचायतें और शाहपुर नगर पंचायत के कुछ वार्ड बाढ़ से प्रभावित हैं. मंत्री ने कहा कि बाढ़ की स्थिति की जानकारी मुख्यमंत्री को देते हुए विस्तृत प्रतिवेदन सौंपा जाएगा.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी बाढ़ प्रभावित पंचायतों में क्षति का शीघ्र आकलन कराया जाए. विशेष रूप से फसल क्षति का सर्वे कर जल्द से जल्द प्रतिवेदन तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा, ताकि प्रभावित लोगों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध करायी जा सके.
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ किया क्षेत्र का निरीक्षण
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के दौरान मंत्री संजय सिंह टाइगर, स्थानीय विधायक राकेश रंजन, डीएम मनेश कुमार मीणा, एसपी अवधेश दीक्षित, डीडीसी अरुण प्रकाश, एसडीएम ओमप्रकाश लाल, एसडीपीओ पंकज मिश्रा, भाजपा नेता मुक्तेश्वर ओझा, बीडीओ शत्रुंजय सिंह, सीओ आनंद प्रकाश, बीस सूत्री अध्यक्ष अंकित पांडे, पंकज तिवारी समेत कई जनप्रतिनिधि, नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे.
