भोजपुर जिले के दो फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बुधवार को प्रेस नोट जारी कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि नारायणपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी राजेंद्र सिंह के पुत्र रोहित सिंह पर 10 गंभीर कांड और चांदी थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव निवासी अनिल सिंह के पुत्र अभिषेक कुमार सिंह पर 12 गंभीर कांड दर्ज हैं. दोनों फरार चल रहे हैं.
गृह विभाग ने 50-50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि की घोषित
एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि दोनों फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए उनके स्तर से 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित करने का प्रस्ताव बिहार सरकार, गृह विभाग (आरक्षी शाखा) को भेजा गया था. प्रस्ताव पर विचार के बाद गृह विभाग ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए 50-50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि घोषित की है.
गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले को मिलेगा इनाम
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी या उनकी गिरफ्तारी से संबंधित पुख्ता सूचना देकर सहयोग करने वाले नागरिक अथवा पुलिसकर्मी को पुरस्कार राशि प्रदान की जायेगी. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और नाम-पता पूरी तरह गोपनीय रखा जायेगा.
पुलिस ने आम लोगों से मांगी सहयोग
एसपी ने आम जनता से अपील की है कि दोनों फरार अपराधियों के संबंध में किसी भी प्रकार की पुष्ट सूचना मिलने पर तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस अधीक्षक भोजपुर के संपर्क नंबर 9031826621 पर सूचना दें.
