Traffic Management: कोईलवर और उसके आसपास के सोन तटवर्ती इलाकों में बालू लदे ट्रकों से लगातार लगने वाले जाम से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए नयी व्यवस्था की गयी है. इसके तहत अब स्थायी यातायात चेकपोस्ट की व्यवस्था की गयी है. मनभावन मोड़ और सकड्डी मोड़ समेत आसपास के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जायेगी. यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पांच पुलिस पदाधिकारी और 20 जवानों की तैनाती की गयी है. सभी पुलिसकर्मी तीन शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे, ताकि दिन-रात यातायात नियंत्रण की व्यवस्था बनी रहे.
मनभावन मोड़ पर रहेगा मुख्य कमांड सेंटर
यातायात व्यवस्था के संचालन के लिए मनभावन चौक को मुख्य कमांड सेंटर बनाया गया है. इसके अतिरिक्त झलकुनगर में भी दो पुलिस अवर निरीक्षक और पांच जवानों की तैनाती की जायेगी. तैनात पुलिसकर्मी मनभावन मोड़, सकड्डी मोड़ और आसपास के इलाकों में यातायात की स्थिति पर नजर रखेंगे.
पूरी व्यवस्था कोईलवर थानाध्यक्ष के नियंत्रण में संचालित होगी. वहीं, एसडीपीओ-2 और ट्रैफिक डीएसपी के पर्यवेक्षण में यातायात व्यवस्था की निगरानी की जायेगी.
पुलिसकर्मियों को मिलेंगे आवश्यक संसाधन
यातायात नियंत्रण में तैनात पुलिसकर्मियों को पुलिस केंद्र की ओर से दो बाइक और एक एचएचडी (हैंडहेल्ड डिवाइस) फाइन मशीन उपलब्ध करायी जायेगी. इसके अलावा ड्यूटी के दौरान सुरक्षा और बेहतर दृश्यता के लिए रेडियम जैकेट, लाइट स्टिक और दो मेगाफोन भी दिये जायेंगे.
मेगाफोन को ऑन ड्यूटी पुलिसकर्मी अपने कंधे पर बांधकर रखेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर वाहन चालकों को दिशा-निर्देश देने और यातायात नियंत्रित करने में सुविधा हो.
ट्रकों के कारण जाम की समस्या से मिलेगी राहत
गौरतलब है कि कोईलवर और उसके आसपास के सोन तटवर्ती क्षेत्रों में ट्रकों के बेतरतीब परिचालन और सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती रही है. मनभावन मोड़, सकड्डी मोड़, कोईलवर-डोरीगंज हाइवे, सकड्डी-नासरीगंज स्टेट हाइवे, पटना-बक्सर एनएच और आसपास के इलाकों में बालू लदे ट्रकों के कारण अक्सर लंबा जाम लगता है.
इससे आम राहगीरों, छोटे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. कई बार मनभावन मोड़ पर वाहनों का दबाव बढ़ने, आरा-छपरा मार्ग पर ट्रकों की बेतरतीब कतार लगने और सकड्डी-नासरीगंज मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यातायात बाधित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं.
कई बार जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि छोटे वाहनों को भी निकलने में काफी समय लग जाता है. ऐसे में स्थायी यातायात चेकपोस्ट की व्यवस्था से जाम की समस्या पर नियंत्रण पाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
एनएच और स्टेट हाइवे पर रहेगी नजर
यातायात चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी एनएच-922, एसएच-81 और कोईलवर-बबुरा हाइवे पर यातायात नियंत्रण की होगी. पुलिसकर्मी सड़क पर वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने, जाम की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करने का काम करेंगे.
इसके साथ ही ट्रकों के अनियंत्रित और बेतरतीब परिचालन, गलत दिशा में वाहन चलाने और सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने वालों पर भी नजर रखी जायेगी. पुलिस की इस व्यवस्था से प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने और वाहन परिचालन को सुचारू बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
