Koilwar CHC: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोईलवर के इमरजेंसी वार्ड में अब बिजली कटने के बाद भी 24 घंटे बिजली की सुविधा उपलब्ध रहेगी. अस्पताल प्रबंधन की ओर से इमरजेंसी वार्ड में इन्वर्टर और बैटरी की व्यवस्था कर दी गयी है. इसके साथ ही इमरजेंसी ऑपरेशन थियेटर, चिकित्सक डेस्क और कॉरिडोर में भी लाइटें लगा दी गयी हैं. इससे बिजली कटने के दौरान मरीजों के इलाज में होने वाली परेशानी दूर होने की उम्मीद है.
प्रभात खबर में 15 सितंबर को प्रकाशित हुई थी खबर
बताते चलें कि अखबार प्रभात खबर के 15 सितंबर के अंक में ‘सीएचसी कोईलवर में मोबाइल टॉर्च की रोशनी में मरीज को लगाया गया टांका’ शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गयी थी. खबर में अस्पताल की इमरजेंसी सेवा के दौरान बिजली कटने से उत्पन्न समस्याओं को उजागर किया गया था.
बिजली नहीं रहने के कारण इमरजेंसी में आये मरीजों का मोबाइल टॉर्च की रोशनी में इलाज करना पड़ा था. वहीं, दो मरीजों को अंधेरे में आरएल चढ़ाये जाने की बात भी सामने आयी थी. बिजली की इस समस्या से मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
खबर प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने की पहल
खबर प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इमरजेंसी वार्ड में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की है. अब बिजली आपूर्ति बाधित होने पर इन्वर्टर और बैटरी के माध्यम से इमरजेंसी वार्ड में रोशनी उपलब्ध रहेगी.
इसके अलावा ऑपरेशन थियेटर, चिकित्सक डेस्क और कॉरिडोर में भी पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गयी है. इससे बिजली कटने के दौरान इमरजेंसी सेवा में मरीजों के इलाज में होने वाली परेशानी कम होने की उम्मीद है.
इमरजेंसी में 24 घंटे बिजली की व्यवस्था
इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उमेश कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इन्वर्टर और बैटरी की व्यवस्था कर दी गयी है. अब बिजली कटने की स्थिति में भी इमरजेंसी वार्ड में 24 घंटे बिजली उपलब्ध रहेगी. उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से मरीजों के इलाज में होने वाली परेशानी दूर होगी और इमरजेंसी सेवाएं सुचारू रूप से संचालित की जा सकेंगी.
