कोईलवर का 15 वर्षीय रोहित साइकिल से पहुंचा वृंदावन, 14 दिनों की धार्मिक यात्रा पूरी कर लौटा, हुआ भव्य स्वागत

15 वर्षीय रोहित कुमार ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए साइकिल से वाराणसी, आगरा, मथुरा होते हुए वृंदावन की 14 दिन की कठिन धार्मिक यात्रा पूरी की. घर लौटने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया.

कोईलवर चौक के रहने वाले 15 वर्षीय रोहित कुमार ने अपने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और धार्मिक आस्था का परिचय देते हुए साइकिल से वाराणसी, आगरा और मथुरा होते हुए वृंदावन की धार्मिक यात्रा पूरी की. करीब दो सप्ताह की इस कठिन यात्रा के बाद सोमवार को जब वह सकुशल अपने घर कोईलवर लौटा तो परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसका गर्मजोशी से स्वागत किया. फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर लोगों ने उसके जज्बे की सराहना की.

रोहित की यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणादायक

रोहित के पिता उमेश चौधरी, माता सीता देवी समेत मोहल्ले के लोगों ने कहा कि इतनी कम उम्र में इतनी लंबी दूरी की साइकिल यात्रा करना आसान नहीं है. रोहित ने जिस आत्मविश्वास और साहस का परिचय दिया है, वह अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है.

रोहित ने बताई यात्रा की कहानी

रोहित ने बताया कि उसने 21 जुलाई को कोईलवर से अपनी यात्रा शुरू की थी. यात्रा के दौरान वह प्रतिदिन सुबह छह बजे से शाम सात बजे तक लगातार साइकिल चलाता था. रास्ते में वाराणसी, आगरा और मथुरा के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भी भ्रमण किया. वृंदावन पहुंचकर उसने संत प्रेमानन्द जी महाराज के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किए, जिसके बाद वापस कोईलवर के लिए प्रस्थान किया.

रोहित ने कहा कि यात्रा के दौरान कई चुनौतियां सामने आईं, लेकिन भगवान पर विश्वास और परिवार के उत्साहवर्धन ने उसे कभी हिम्मत नहीं हारने दी. रास्ते में कई लोगों ने उसकी यात्रा के बारे में जानकर उसका उत्साह बढ़ाया और आवश्यक सहयोग भी किया.

अब रोहित की इस उपलब्धि की चर्चा पूरे नगर में हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मोबाइल और सोशल मीडिया के दौर में जहां अधिकांश बच्चे घरों तक सीमित हो रहे हैं, वहीं रोहित ने साहस, अनुशासन और आध्यात्मिक आस्था का अनूठा उदाहरण पेश किया है. उसकी यह यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Deepak kumar gupt

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >