भोजपुर के कोईलवर अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई. इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए पांच मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया.
जनता दरबार में अंचलाधिकारी (सीओ) उदय प्रताप सिंह एवं राजस्व पदाधिकारी राजभूषण सिंह ने संयुक्त रूप से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों की विस्तृत सुनवाई की.
4 थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादी
जनता दरबार में कोईलवर, चाँदी, बबुरा एवं गीधा थाना क्षेत्र से जुड़े भूमि विवाद के डेढ़ दर्जन से अधिक (18 से ज्यादा) मामले प्रस्तुत किए गए. अंचल प्रशासन द्वारा उपलब्ध अभिलेखों, सरकारी कागजातों और साक्ष्यों के आधार पर 5 मामलों का दोनों पक्षों की सहमति से ऑन द स्पॉट (मौके पर ही) निष्पादन कर दिया गया.
वहीं, 3 अन्य मामलों में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अगली सुनवाई के लिए आवश्यक साक्ष्य व दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश देते हुए अगली तिथि तय की गई. शेष बचे मामलों में नियमानुसार दूसरे पक्ष को नोटिस जारी कर अगली तिथि पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया गया.
छोटे विवादों का स्थानीय स्तर पर हो रहा निपटारा: RO
सुनवाई के उपरांत राजस्व पदाधिकारी राजभूषण सिंह ने कहा कि भूमि विवादों का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. जनता दरबार में दोनों पक्षों को अपनी-अपनी बात रखने का पूरा व समान अवसर दिया जाता है.
उन्होंने कहा कि नियमित जनता दरबार के आयोजन से स्थानीय स्तर पर ही छोटे-छोटे भूमि विवादों का समाधान आसानी से हो रहा है, जिससे आम लोगों को बेवजह की कोर्ट-कचहरी और मुकदमेबाजी से राहत मिल रही है. उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से निर्धारित तिथि पर जरूरी कागजातों के साथ उपस्थित रहने की अपील की.
Also Read : गया जी में छात्रों के प्रदर्शन से यातायात प्रभावित, सड़क पर उतरे SSP और SP, बिहार बंद का दिखा असर
