Pappu Yadav arrest: जिले के जगदीशपुर थाना पुलिस की टीम ने सोमवार को नयका टोला के समीप छापेमारी कर विभिन्न मामलों में वांछित अभियुक्त पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया. इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने प्रेस नोट जारी कर दी.
मारपीट और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का मामला
एसपी ने बताया कि जगदीशपुर थाना क्षेत्र स्थित अनुमंडल कार्यालय, जगदीशपुर के सामने 22 अप्रैल 2026 की रात करीब एक बजे मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे एक व्यक्ति के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग किये जाने का मामला सामने आया था.
इस संबंध में भुक्तभोगी ने स्थानीय थाने में लिखित आवेदन दिया था. प्राप्त आवेदन के आधार पर जगदीशपुर थाना में 24 अप्रैल 2026 को एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.
लगातार छापेमारी के बाद गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार रेड और छापेमारी की जा रही थी. इसी क्रम में पुलिस टीम ने तीयर थाना क्षेत्र के अंधारी बाग निवासी दारा यादव के पुत्र पप्पू यादव को नयका टोला के समीप से गिरफ्तार कर लिया.
कई गंभीर मामलों में दर्ज है नाम
एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि गिरफ्तार पप्पू यादव के विरुद्ध हत्या, लूट, पुलिस जवान से पिस्टल छिनने, शराब केस और अन्य गंभीर मामले दर्ज हैं. वह कई मामलों में अभी भी वांछित था. पुलिस के अनुसार, पप्पू यादव के खिलाफ जगदीशपुर थाना में दो, धनगाई थाना में तीन और तियर थाना में छह मामले दर्ज हैं.
