CM Samrat Chaudhary: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 23 सितंबर को प्रस्तावित जगदीशपुर दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गयी हैं. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सोमवार को सीएम सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों की टीम ने जगदीशपुर पहुंचकर ऐतिहासिक वीर कुंवर सिंह किला, संग्रहालय और हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों की भौतिक स्थिति का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली.
किला, संग्रहालय और प्रस्तावित मार्गों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किला परिसर और संग्रहालय परिसर की स्थिति का जायजा लिया. मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान को लेकर प्रस्तावित मार्गों का भी अवलोकन किया गया. इसके अलावा हेलीपैड स्थल पर सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की स्थिति की जानकारी ली गयी.
इस दौरान स्थानीय प्रशासन के पदाधिकारी और अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे. शाहाबाद डीआईजी के साथ भोजपुर डीएम और एसपी ने भी जगदीशपुर पहुंचकर तैयारियों का मुआयना किया.
सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने की तैयारी
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जगदीशपुर नगर में भी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है.
किले के विकास को लेकर घोषणा की उम्मीद
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान ऐतिहासिक वीर कुंवर सिंह किला और संग्रहालय के विकास के साथ ही पर्यटन से जुड़ी योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की संभावना जतायी जा रही है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के दौरे से वीर कुंवर सिंह किले को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में नई पहल होगी.
