शाहपुर (आरा) से मिथिलेश्वर सिन्हा की रिपोर्ट
Gunjan Singh Meet Bharat Tiwari Family : पुलिस की कथित मुठभेड़ में मारे गए बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मिलने सोमवार को भोजपुरी गायक गुंजन सिंह और राकेश मिश्रा पहुंचे. दोनों कलाकारों ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
न्याय की लड़ाई में साथ रहने का आश्वासन
परिजनों से मुलाकात के दौरान दोनों कलाकारों ने कहा कि भरत तिवारी समाज के शोषित और वंचित वर्ग के लोगों की आवाज उठाते थे. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या दोष सामने आता है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए.
गुंजन सिंह ने दी आर्थिक सहायता
भोजपुरी गायक गुंजन सिंह ने पीड़ित परिवार को 30 हजार रुपये की नगद आर्थिक सहायता प्रदान की. उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक वे परिवार के साथ खड़े रहेंगे और उनकी आवाज को हर मंच तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे.
सच्चाई सामने आने की मांग
राकेश मिश्रा ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और मामले की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच से ही लोगों का भरोसा कायम रहेगा.
ग्रामीणों ने की पहल की सराहना
दोनों कलाकारों की मौजूदगी से पीड़ित परिवार को भावनात्मक संबल मिला. इस दौरान गांव के कई लोग और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. ग्रामीणों ने कलाकारों के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि कठिन समय में उनका परिवार के साथ खड़ा होना सराहनीय पहल है.
इसे भी पढ़ें : 70वीं BPSC में सूरज कुमार की उपलब्धि से गौरवान्वित हुआ बिक्रम, वार्ड पार्षद ने किया सम्मानित
इसे भी पढ़ें : स्टेशनरी दुकानदार के बेटे-बेटी ने बढ़ाया पटना का मान, 70वीं BPSC में लहराया सफलता का परचम
