आरा: कायमनगर में उर्दू मध्य विद्यालय के मुख्य द्वार पर कचरे का अंबार, दुर्गंध से छात्र-छात्राओं की बढ़ी परेशानी

कायमनगर स्थित उर्दू मध्य विद्यालय के मुख्य द्वार पर कचरे का अंबार लगा हुआ है. सड़ते कचरे की दुर्गंध और जलजमाव से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. अभिभावक और स्थानीय लोग अविलंब सफाई की मांग कर रहे हैं.

Arrah News : कोईलवर पटना-बक्सर फोरलेन पर प्रखंड के कायमनगर स्थित उर्दू मध्य विद्यालय के मुख्य द्वार के सामने पिछले कई दिनों से कचरे का अंबार लगा हुआ है. विद्यालय के प्रवेश मार्ग पर फैली गंदगी और उससे उठ रही दुर्गंध के कारण छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के बाद जलजमाव होने से स्थिति और गंभीर हो गई है.

जलजमाव और बदबू से प्रभावित हो रहा शैक्षणिक माहौल

सड़ते कचरे से उठ रही दुर्गंध के कारण विद्यालय का शैक्षणिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित रूप से कचरे का उठाव नहीं होने से प्रतिदिन कूड़े का ढेर बढ़ता जा रहा है. खुले में पड़े कचरे से मक्खियों और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है.

अभिभावकों में नाराजगी, कार्रवाई की मांग

विद्यालय आने वाले बच्चों को इसी गंदगी के बीच होकर गुजरना पड़ता है, जिससे अभिभावकों में भी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि विद्यालय जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थान के मुख्य द्वार पर कचरे का ढेर स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोल रहा है. स्थानीय नागरिकों ने ग्राम पंचायत, स्वच्छता विभाग और संबंधित अधिकारियों से अविलंब कचरे का उठाव कराने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.

दुकानदारों को किया जाएगा जागरूक : मुखिया

कायमनगर पंचायत की मुखिया पिंकी देवी ने बताया कि स्वच्छता पर्यवेक्षक को मामले की जानकारी दे दी गई है. स्थानीय दुकानदारों के बीच स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाकर उन्हें खुले में कचरा नहीं फेंकने के लिए प्रेरित किया जाएगा.

एक-दो दिनों में होगी सफाई : अधिकारी

पंचायत स्वच्छता पर्यवेक्षक गणेश पाठक ने बताया कि विद्यालय एनएच के किनारे स्थित है, जहां दुकानदार कचरा फेंक देते हैं. इस संबंध में एनएच प्रबंधन को भी जानकारी दी गई है और जल्द सफाई कराई जाएगी. वहीं प्रखंड स्वच्छता पर्यवेक्षक संतोष कुमार ने कहा कि विद्यालय के आसपास दुकानदारों द्वारा कचरा फेंका जाता है, जिसकी समय-समय पर सफाई कराई जाती है. उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और एक से दो दिनों के भीतर कचरा हटाकर क्षेत्र की सफाई करा दी जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Deepak kumar gupt

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >