आरा: गंगा के बढ़ते जलस्तर के साथ पीपरपांती में कटाव का कहर, तीन घर नदी में समाए; 100 घर खाली कराये

बड़हरा के पीपरपांती गांव में गंगा नदी के कटाव से तीन घर समा गए। प्रशासन ने 100 घरों को खाली कराया और प्रभावित परिवारों के लिए सामुदायिक किचन शुरू किया है।

Arrah News : बड़हरा प्रखंड अंतर्गत पीपरपांती गांव में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के साथ कटाव का कहर लगातार जारी है. बुधवार को तेज कटाव की चपेट में आने से तीन घर गंगा नदी में समा गये. लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर करीब 100 घरों को खाली करा दिया है. इसके बाद प्रभावित परिवार अपने घरों से सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं. कटाव की भयावह स्थिति से पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है.

कटाव की चपेट में आये तीन घर, गांव में बढ़ी दहशत

गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि के बीच पीपरपांती में नदी का कटाव तेज हो गया है. बुधवार को कटाव के कारण तीन घर नदी में समा गये. खतरे को देखते हुए प्रशासन ने करीब 100 घरों को खाली कराने की कार्रवाई की. प्रभावित परिवार अपने जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहे हैं. ग्रामीणों को लगातार बढ़ते कटाव के कारण आगे भी नुकसान की आशंका सता रही है.

विस्थापित परिवारों के लिए शुरू हुआ सामुदायिक किचेन

कटाव प्रभावित परिवारों के लिए उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पीपरपांती में सामुदायिक किचेन शुरू किया गया है. यहां विस्थापित परिवारों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. प्रशासन की ओर से 105 प्रभावित परिवारों के बीच तिरपाल का वितरण भी किया गया है. इसके अलावा प्रभावित लोगों को अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है.

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

कटाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए आपदा विभाग के एडीएम कमर आलम, सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह और बड़हरा के अंचलाधिकारी अंशु प्रसून पीपरपांती पहुंचे. अधिकारियों ने प्रभावित इलाके का निरीक्षण कर कटाव की स्थिति और ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. कृष्णगढ़ थानाध्यक्ष रौंशन कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे.

मुखिया ने कटावरोधी कार्य तेज करने की मांग की

पंचायत के मुखिया राहुल पांडेय ने बताया कि कटाव की आशंका को देखते हुए करीब 100 घरों को खाली कराया गया है. प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है. उन्होंने प्रशासन से कटावरोधी कार्य में तेजी लाने की मांग की है, ताकि गांव के अन्य घरों को नदी की चपेट में आने से बचाया जा सके.

तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा पानी

जल संसाधन विभाग के कनीय अभियंता आशीष कुमार रंजन ने बताया कि बुधवार शाम छह बजे गंगा के जलस्तर में वृद्धि की रफ्तार चार सेंटीमीटर प्रति घंटा थी. अब यह घटकर तीन सेंटीमीटर प्रति घंटा हो गयी है. हालांकि जलस्तर बढ़ने के साथ कटाव जारी रहने से ग्रामीणों की चिंता कम नहीं हुई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से कटावरोधी कार्य को तेज कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

पिपरपांती गांव मे कटाव का निरक्षण करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
पिपरपांती गांव मे कटाव का निरक्षण करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
पिपरपांती गांव मे कटाव का निरक्षण करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष कुमार सिंह

संतोष कुमार सिंह 20 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. प्रिंट, डिजिटल और प्रमुख मीडिया ऐप्स (न्यूज प्लेटफॉर्म्स) पर काम का अनुभव रखने वाले संतोष की राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति की खबरों पर पैनी नजर रहती है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >