भोजपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घटित सड़क हादसों में बाइक सवार मां-बेटे समेत चार लोग जख्मी हो गए. सभी जख्मियों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया.
रिल्स बनाने जा रहे दो दोस्तों की बाइक में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
पहली घटना टाउन थाना क्षेत्र के धरहरा के समीप की है, जहाँ रविवार की दोपहर अज्ञात वाहन ने रिल्स बनाने जा रहे बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी. इससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए. इसके बाद परिजनों द्वारा उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया.
जानकारी के अनुसार, जख्मियों में नवादा थाना क्षेत्र के जवाहर टोला निवासी रमाकांत गिरी का 14 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार एवं उसी मोहल्ले के निवासी राजा पेंटर का 15 वर्षीय पुत्र समीर कुमार शामिल है.
इधर, जख्मियों के परिजनों ने बताया कि वे दोनों रविवार की दोपहर बाइक द्वारा धनुपरा की तरफ रिल्स बनाने जा रहे थे. इसी दौरान धरहरा के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी.
ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे घायल
दूसरी घटना नवादा थाना क्षेत्र के जज कोठी मोड़ के समीप की है, जहाँ रविवार की दोपहर ई-रिक्शा ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी. इससे दोनों जख्मी हो गए, जबकि बाइक चला रहा महिला का पति बाल-बाल बच गया. जख्मी मां-बेटे का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया.
जानकारी के अनुसार, जख्मियों में टाउन थाना क्षेत्र के वलीगंज मोहल्ला निवासी मो. अफरोज की 25 वर्षीया पत्नी अनीशा परवीन एवं 5 वर्षीय पुत्र मो. अयान शामिल हैं.
इधर, मो. अफरोज ने बताया कि वे बाइक से अपनी पत्नी अनीशा परवीन एवं बेटे मो. अयान के साथ पकड़ी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान जज कोठी मोड़ के समीप पीछे से आ रहे ई-रिक्शा चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी.
