Arrah Four Girls Missing From Coaching : भोजपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कोचिंग के लिए घर से निकली चार लड़कियां पिछले लगभग एक महीने से रहस्यमय तरीके से गायब हैं. इस घटना को लेकर परिजनों में दहशत और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
दो परिजनों ने दर्ज कराई प्राथमिकी
थाना क्षेत्र सेवगार निवासी वीरेंद्र पासवान ने उदवंतनगर थाना में आवेदन देकर बताया कि उनकी पुत्री रौशनी कुमारी तथा कालिका पासवान की पुत्री आरती कुमारी 24 जून को कोचिंग के लिए आरा गई थीं, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटीं.
परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद 25 जून को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई.
Arrah News : चार लड़कियां एक साथ लापता
बताया जा रहा है कि इन दोनों लड़कियों के साथ दो अन्य लड़कियां भी थीं-एक गड़हा गांव की और दूसरी शाहपुर थाना क्षेत्र के तिकठी की. हालांकि, उन दोनों के परिजनों ने अब तक थाने में आवेदन नहीं दिया है.
इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं
एक साथ चार लड़कियों के गायब होने से इलाके में सनसनी फैल गई है. लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं-कुछ लोग अपहरण की बात कह रहे हैं, तो कुछ अन्य कारणों की चर्चा कर रहे हैं.
पुलिस कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
परिजनों का आरोप है कि आवेदन दिए जाने के बावजूद लगभग एक माह बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.
इस मामले में अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से परिवारों की चिंता बढ़ती जा रही है. स्थानीय लोग भी इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
