आरा.
जिले के किसानों की सुविधा को लेकर बिजली कंपनी लगातार काम कर रही है. कंपनी छह मई से जून के अंत तक सभी प्रखंडों में कार्यदिवस के दिन और प्रत्येक पंचायत स्तर पर दो दिन कृषि कनेक्शन के लिए शिविर का आयोजन करेगी. इसे लेकर विद्युत कार्यपालक अभियंता अमरेंद्र कुमार ने बताया कि किसानों को पटवन कार्य के लिए कृषि कनेक्शन लेना अब और आसान हो गया है. कृषक सुविधा ऐप्प, विभागीय वेबसाइट व नजदीकी विद्युत कार्यालय से संपर्क कर कृषि कार्य के लिए विद्युत कनेक्शन ले सकते हैं. आवेदकों को सुविधा के अनुसार प्रत्येक पंचायत में शिविर का आयोजन करने के लिए मुख्यालय द्वारा निर्णय लिया गया है. पंचायत सरकार भवन में कृषि कनेक्शन के लिए शिविर लगेंगे. कैंप में यह प्रयास रहेगा कि स्थल पर ही अधिकाधिक कनेक्शन के लिए आवेदन प्राप्त कर लिया जाये. मुख्यमंत्री विद्युत सहायता योजना के तहत बिहार विद्युत विनियामक आयोग द्वारा पटवन कार्य की दर 6.74 प्रति यूनिट निर्धारित की गयी है. राज्य सरकार द्वारा इसके लिए 6.19 प्रति यूनिट की दर से अनुदान दिया जा रहा है. कृषि कनेक्शन पर राज्य सरकार द्वारा मिलनेवाले अनुदान के कारण किसानों को पटवन कार्य के लिए बिजली मात्र 55 पैसे प्रति यूनिट पर उपलब्ध करायी जा रही है. कृषक कृषि कार्य के लिए नया विद्युत कनेक्शन लेने के लिए पहचान पत्र एवं आवासीय पहचान पत्र के लिए आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड तथा जमीन से जुड़े कागज समर्पित करना आवश्यक है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
