आरा : परिवार नियोजन को लेकर जागरूकता अभियान शुरू, 13 जुलाई को लगेगा विशेष शिविर

Arrah News : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हरा में परिवार नियोजन स्थिरीकरण पखवाड़ा का शुभारंभ हो गया है. यह अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिसका उद्देश्य लोगों को छोटे परिवार के महत्व और मातृ-शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है.

Arrah News : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हरा में शनिवार को 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चलने वाले परिवार नियोजन स्थिरीकरण पखवाड़ा का शुभारंभ प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार द्वारा लाभार्थियों के बीच परिवार नियोजन के अस्थायी साधनों का वितरण कर किया गया. इस अवसर पर लोगों को छोटे परिवार के महत्व, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा परिवार नियोजन के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि पखवाड़ा के दौरान योग्य दंपतियों को उनकी आवश्यकता एवं स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार परिवार नियोजन के अस्थायी साधन निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे.

योग्य दंपतियों को निःशुल्क साधन

इन साधनों में निरोध, माला-एन, छाया, कॉपर-टी तथा अंतरा इंजेक्शन सहित अन्य साधन शामिल हैं. उन्होंने कहा कि इन साधनों का उपयोग परिवार को सुनियोजित रखने के साथ-साथ मां और बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण है. उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 13 जुलाई सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हरा में विशेष परिवार नियोजन शिविर का आयोजन किया जाएगा. शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में परिवार नियोजन संबंधी परामर्श, आवश्यक जांच तथा विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.

भ्रांतियों से दूर रहने की अपील

योग्य लाभार्थी शिविर में पहुंचकर निःशुल्क सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे परिवार नियोजन से जुड़े किसी भी भ्रम में न रहें तथा आशा कार्यकर्ता, एएनएम या निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर सही जानकारी प्राप्त करें. विभाग का उद्देश्य योग्य दंपतियों तक परिवार नियोजन की सुविधाएं पहुंचाकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं खुशहाल परिवार की अवधारणा को मजबूत करना है.

Also Read : भरत तिवारी एनकाउंटर केस : न्यायिक आयोग के सामने माता-पिता ने क्या बताया ? भाई और भाभी की होगी अलग से गवाही


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

संतोष कुमार सिंह 20 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. प्रिंट, डिजिटल और प्रमुख मीडिया ऐप्स (न्यूज प्लेटफॉर्म्स) पर काम का अनुभव रखने वाले संतोष की राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति की खबरों पर पैनी नजर रहती है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >