Arrah News : आरा.शहर में ठगों ने पुलिस अधिकारी बनकर एक टाइल्स कारोबारी को लाखों रुपये का चूना लगा दिया. बदमाशों ने छिनतई की घटनाओं का डर दिखाकर कारोबारी से सोने की चेन और अंगूठी उतरवा ली तथा कागज में लपेटकर लौटाने के नाम पर पत्थर थमा दिया. मामले में नवादा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
पीछा कर रोका, दिखाई पुलिस की आईडी
पीड़ित कश्यप नगर निवासी अंजनी कुमार उपाध्याय ने बताया कि वह जीरो माइल स्थित अपनी टाइल्स की दुकान से दोपहर करीब डेढ़ बजे खाना खाने घर जा रहे थे. पश्चिमी ओवरब्रिज के समीप संत जेवियर स्कूल के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनका पीछा कर रोक लिया. दोनों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए एक आईडी कार्ड भी दिखाया, जिसमें वे पुलिस की वर्दी में थे. उन्होंने हेलमेट नहीं पहनने पर टोका और यातायात नियमों का पालन करने की नसीहत दी.
छिनतई का डर दिखाकर उतरवा ली चेन और अंगूठी
इसी दौरान एक अन्य बाइक सवार युवक वहां पहुंचा, जिसके गले में भी सोने की चेन थी. कथित पुलिसकर्मियों ने उसे भी रोककर क्षेत्र में छिनतई की घटनाओं का हवाला दिया और चेन जेब में रखने की सलाह दी. इसके बाद उन्होंने कारोबारी से भी सोने की चेन और अंगूठी मांगी तथा कागज में लपेटकर वापस दे दी. कुछ देर बाद दोनों वहां से चले गए.
कागज खोलते ही निकला पत्थर, जांच में जुटी पुलिस
कुछ दूर जाने के बाद जब अंजनी कुमार उपाध्याय ने कागज खोला तो उसमें चेन और अंगूठी की जगह पत्थर मिला. इसके बाद उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन दोनों ठगों का कोई पता नहीं चला. नवादा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है.
