मॉडल टोला निर्माण में अधिकारी दिखाएं दिलचस्पी : डीएम

जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित

आरा.

समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक की गयी. बैठक की शुरुआत डॉ आंबेडकर समग्र सेवा अभियान के अंतर्गत आयोजित विशेष कैंप की विस्तृत समीक्षा से हुई. इस दौरान जिलाधिकारी ने जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के सभी पदाधिकारियों से फीडबैक प्राप्त किया.

उन्होंने निर्देश दिया कि विभिन्न विभागों के अंतर्गत दी जा रही 22 सेवाओं के वितरण में तेजी लायी जाये एवं लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाये. प्रखंड विकास पदाधिकारियों से मॉडल टोला निर्माण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गयी. साथ ही, संबंधित विभागों के नोडल पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए टोलों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित एनओसी मामलों का शीघ्र निष्पादन संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर किया जाये. बैठक में ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. डीपीएम, जीविका द्वारा बताया गया कि यह कार्यक्रम जिले के 1398 ग्राम संगठनों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है. जिलाधिकारी ने महिला संवाद के दौरान प्राप्त सभी लंबित अपेक्षाओं के निष्पादन हेतु विभागीय समन्वय के साथ शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिये. इसके साथ ही, उन्होंने शौचालय निर्माण कार्य में तेजी लाने एवं “हर घर नल का जल” योजना के तहत छूटे हुए घरों को जल्द से जल्द जोड़ने पर बल दिया. जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारियों एवं राजस्व पदाधिकारियों को भूमिहीन परिवारों को पर्चा वितरण और भूमि उपलब्धता की प्रक्रिया शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिये. उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अपर समाहर्ता को इन सभी बिंदुओं पर सतत अनुश्रवण (मानीटरिंग) सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक निदेशक (दिव्यांगजन), डीआरडीए निदेशक, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायती राज पदाधिकारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEVENDRA DUBEY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >