आरा में ट्रांसफार्मर नहीं बदला तो सड़क पर उतरे ग्रामीण, डेढ़ घंटे जाम रहा स्टेट हाईवे

चरपोखरी के बड़हरा गांव में पांच दिनों से बिजली गुल रहने के कारण ग्रामीणों का गुस्सा फूटा. जले ट्रांसफार्मर को समय पर न बदलने से नाराज लोगों ने स्टेट हाईवे जाम कर दिया.

चरपोखरी प्रखंड क्षेत्र के बड़हरा गांव में लगातार पांच दिनों से बिजली गुल रहने से परेशान ग्रामीणों का मंगलवार को आक्रोश फूट पड़ा. ओवरलोडिंग के कारण जले ट्रांसफार्मर को समय पर नहीं बदले जाने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह आरा-सासाराम स्टेट हाईवे को बांस-बल्ला लगाकर पूरी तरह जाम कर दिया. इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. सड़क जाम के कारण हाईवे पर करीब डेढ़ घंटे तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही और आवागमन पूरी तरह ठप रहा.

पांच दिनों से गांव में बिजली आपूर्ति थी बंद

ग्रामीणों ने बताया कि पांच दिन पहले ओवरलोडिंग के कारण गांव का ट्रांसफार्मर जल गया था. इसके बाद नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए पीएसएस बगुसरा के जेई को लिखित शिकायत दी गयी थी. ग्रामीणों ने विभाग से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की थी. इसके बावजूद समय पर ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया. इससे पूरा गांव गर्मी के बीच पांच दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर था.

नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग पर अड़े रहे ग्रामीण

ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से नाराज ग्रामीण मंगलवार की सुबह सड़क पर उतर आये और हाईवे को जाम कर दिया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. ग्रामीण बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग पर अड़े रहे.

नया ट्रांसफार्मर पहुंचने के बाद शांत हुआ आक्रोश

सड़क जाम की सूचना मिलते ही चरपोखरी थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नया ट्रांसफार्मर मंगाने की मांग पर अड़े रहे. स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन की पहल पर आनन-फानन में नया ट्रांसफार्मर मंगवाया गया. नया ट्रांसफार्मर मौके पर पहुंचने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ. इसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद प्रकाश

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >