chandi thana farewell ceremony: चांदी थाना के थानाध्यक्ष राकेश कुमार रौशन का डीआईयू प्रभारी भोजपुर के पद पर स्थानांतरण होने पर थाना परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया. समारोह में पुलिस पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय समाजसेवियों ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर उन्हें सम्मानित किया. इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी और नये दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं.
विधि-व्यवस्था और पुलिस-जन समन्वय की सराहना
समारोह में उपस्थित लोगों ने कहा कि थानाध्यक्ष के रूप में राकेश कुमार रौशन ने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाये रखने के साथ आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया. पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर तालमेल बनाने की दिशा में उनके कार्यकाल को सराहनीय बताया गया. लोगों ने उनके साथ काम करने के अनुभव साझा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
सरकारी सेवा में स्थानांतरण जरूरी हिस्सा : राकेश रौशन
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए राकेश कुमार रौशन ने कहा कि स्थानांतरण सरकारी सेवा का जरूरी हिस्सा है. पुलिस सेवा में जहां भी जिम्मेदारी मिलती है, वहां पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि चांदी थाना में कार्य करने के दौरान पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों का लगातार सहयोग मिला. सामूहिक सहयोग के कारण क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाये रखने और पुलिसिंग को बेहतर तरीके से संचालित करने में सफलता मिली.
पूरी टीम के सहयोग से बेहतर होती है थाना की कार्यप्रणाली
राकेश कुमार रौशन ने थाना में पदस्थापित सभी पुलिसकर्मियों के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि किसी भी थाने की कार्यप्रणाली केवल थानाध्यक्ष के प्रयास से बेहतर नहीं हो सकती. इसके लिए पूरी टीम का सहयोग और आपसी समन्वय जरूरी है. उन्होंने स्थानीय लोगों और समाजसेवियों के सहयोग की भी सराहना की.
मौके पर रालोमो नेता जागा कुशवाहा, राजू गुप्ता, प्रेम कुमार, बबलू गोंड, राजेश, चंदन समेत दर्जनों समाजसेवी, पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार सिंह, मधु कुमारी, राजेश कुमार मीणा, रामसेवक सिंह और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे. सभी ने स्थानांतरित थानाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए नये दायित्व में सफलता की कामना की.
