Bihiya Train Accident : दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर बिहिया स्टेशन के पूरब साइड स्थित अप लाइन पर शुक्रवार की सुबह चलती ट्रेन से गिरकर पिकअप चालक की मौत हो गई. घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी मच रही.
जानकारी के अनुसार मृतक जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बड़हर टोला गांव निवासी स्व. धनजी यादव का 22 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार है. वह पेशे से पिकअप चालक था.
ट्रेन से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
मृतक के बड़े भाई मल्लू कुमार ने बताया कि वह शुक्रवार की सुबह पिकअप लेकर आरा आया था. पिकअप आरा में लगाकर वह ट्रेन द्वारा वापस घर लौट रहा था. इसी बीच बिहिया स्टेशन के पूरब साइड अप लाइन पर चलती ट्रेन से वह नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई.
मोबाइल के जरिए परिजनों को मिली सूचना
इसके बाद रेल पुलिस द्वारा उसके क्षतिग्रस्त मोबाइल से सिम निकालकर दूसरे मोबाइल में लगाया गया, तब दूरभाष के द्वारा इसकी सूचना उसके परिजनों को दी गई. सूचना पाकर परिजन रेल थाना पहुंचे, जिसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया.
परिवार की पृष्ठभूमि और सदस्यों की जानकारी
बताया जाता है कि मृतक अपने चार भाइयों व एक बहन में तीसरे स्थान पर था. उसके परिवार में मां कुसुम देवी तथा तीन भाई मल्लू कुमार, रंजन कुमार, मोहित कुमार एवं एक बहन निक्की कुमारी हैं.
घटना के बाद घर में मचा कोहराम
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है. उसकी मां कुसुम देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
