Bihar Road Project: बिहार के आरा शहर में रोजाना ट्रैफिक जाम, पतली सड़कों और बारिश के दिनों में जलजमाव की परेशानी आने वाले समय में आपकी हद तक खत्म हो सकती है. शहर की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह बदलने की दिशा में एक बड़ी शुरुआत हो चुकी है. यूआईडीएफ (अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड) परियोजना के तहत करीब 37 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का काम शुरू कर दिया गया है.
यहां सड़क को किया जाएगा चौड़ा
इस प्रोजेक्ट के तहत शीश महल चौक से सब्जी मंडी, मीरगंज और गंगी होते हुए एनएच-922 तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा. यह मार्ग शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में गिना जाता है, जहां हर दिन हजारों गाड़ियां गुजरतीं हैं. सड़क के बेहतर होने से ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों का सफर पहले से कहीं अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा.
आरण्य देवी मंदिर पहुंचना होगा आसान
इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि आरण्य देवी मंदिर तक पहुंच पहले से कहीं आसान हो जाएगी. मंदिर को सीधे बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाएगा. इसके अलावा आरण्य देवी मंदिर से एनएच-922, आरा-बड़हरा रोड, पुलिस लाइन चौक, लाइन रोड, पुराने पुलिस स्टेशन, मौलाबाग, पाकड़ी चौक, क्लब मोड़ और सिविल कोर्ट जैसे प्रमुख इलाकों की सड़कों का भी चौड़ीकरण और आधुनिकीकरण किया जाएगा. इससे पूरे शहर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों का समय बचेगा.
दो लेन में बनाई जाएगी सड़क
परियोजना के तहत सड़क को दो लेन में विकसित किया जाएगा. करीब 33 फीट चौड़ी सड़क के दोनों ओर पक्के शोल्डर और लगभग साढ़े तीन-तीन फीट चौड़ी नालियों का निर्माण होगा. इससे बारिश वाले दिनों में जल जमाव की समस्या कम होगी और पैदल यात्रियों को भी सुरक्षित रास्ता मिलेगा. निर्माण के दौरान सड़क की मजबूती, बेहतर जल निकासी और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा.
सड़क बनने से फायदा
नेशनल हाउसिंग बैंक के वित्तपोषण से चल रही इस परियोजना का निर्माण कार्य जय माता दी एवं मां सीता कंस्ट्रक्शन की ओर से किया जा रहा है. सड़क चौड़ीकरण के लिए जहां आवश्यकता होगी, वहां सरकारी जमीन भी खाली कराई जाएगी ताकि काम में किसी तरह की बाधा न आए. ऐसे में परियोजना समय पर पूरी हुई तो शहर को आधुनिक सड़क नेटवर्क, बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था, आसान धार्मिक और व्यावसायिक आवागमन के साथ विकास की नई रफ्तार मिलेगी.
Also Read:बिहार में विधायकों की बढ़ सकतीं हैं शक्तियां, इस काम के लिए 15 की जगह 25 लाख मिलने पर होगा विचार
