Bhojpur Well Drowning Death : भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में सोमवार की दोपहर कुआं में डूबने से एक युवक की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार मृतक संदेश थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव वार्ड नंबर-7 निवासी स्व. निर्मल गोंड़ का 30 वर्षीय पुत्र रामू गोड़ है. वह अहमदाबाद में रहकर सिलाई का काम करता था.
बीस दिन पूर्व गांव आया था मृतक, बाजार जाने के दौरान हुआ हादसा
मृतक के चचेरे भाई चंदन गोंड़ ने बताया कि वह बीस दिन पूर्व गांव वापस आया था. सोमवार की दोपहर वह घर से बाजार जा रहा था. रास्ते में कुआं है, जहां कुएं के पास कीचड़ और पानी जमा हुआ था. इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिरकर डूब गया.
परिजनों ने रस्सी के सहारे कुएं से बाहर निकाला शव
वहां मौजूद एक महिला द्वारा इसकी सूचना उसके परिजन को दी गई. तब जाकर परिजन वहां पहुंचे और कमर में रस्सी बांधकर कुएं में प्रवेश किए. इसके बाद उसके शव को बाहर निकाला गया.
Also Read : भोजपुर में सोन नदी का जलस्तर बढ़ा, इंद्रपुरी बराज के 69 गेट खुले; कोईलवर के दियारा में बाढ़ का खतरा
पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम
सूचना पाकर स्थानीय थाना मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया.
दो भाइयों में बड़ा था रामू, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाई व एक बहन में बड़ा था. उसके परिवार में पत्नी पूनम देवी व एक पुत्र सागर एवं एक पुत्री माधुरी हैं. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है. उसकी पत्नी पूनम देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
