Bhojpur Truck Driver Robbery : भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के कोसिहान पुल के समीप सोमवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने चाकू दिखाकर छपरा निवासी ट्रक चालक से लूट कर ली. लूट के बाद दोनों बदमाश भाग निकले.
इसके बाद पीड़ित ट्रक चालक द्वारा इसकी जानकारी चांदी थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही चांदी थानाध्यक्ष राकेश रौशन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक ड्राइवर से लूटी गई सोने की चेन बरामद की. साथ ही, उनके पास रही बाइक एवं दो मोबाइल जब्त कर लिए.
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान और पुलिस अधीक्षक का बयान
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार बदमाशों में चांदी थाना क्षेत्र के भदवर गांव निवासी राजेश्वर प्रसाद यादव का पुत्र अभिषेक कुमार एवं उसी थाना क्षेत्र के हरदास टोला निवासी नमेन्द्र सिंह यादव का पुत्र मनु कुमार शामिल हैं. इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक राज ने प्रेस नोट जारी कर दी.
घटना का विवरण और प्राथमिकी दर्ज
बताया जाता है कि सारण (छपरा) जिले के निवासी ट्रक चालक विशाल कुमार ट्रक लेकर नासरीगंज की ओर जा रहा था. तभी कोसिहान पुल के समीप बाइक सवार मनु कुमार एवं अभिषेक कुमार ने ओवरटेक कर ट्रक के आगे अपनी बाइक रोक दी.
इसके बाद चाकू दिखाकर उसके गले में रही सोने की चेन लूटकर भाग निकले. इसके पश्चात, ट्रक चालक विशाल कुमार द्वारा चांदी थाना में दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई. प्राथमिकी दर्जोपरांत पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
बदमाशों का पुराना आपराधिक इतिहास
वहीं, पुलिस के अनुसार मनु कुमार एवं अभिषेक कुमार का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है. इनमें मनु कुमार पूर्व में भी कोईलवर एवं चांदी थाना अंतर्गत लूट के मामले में जेल जा चुका है और कुछ दिन पहले ही वह जेल से जमानत पर बाहर आया था.
