भोजपुर : चरपोखरी डिग्री कॉलेज में शुरू हुई पढ़ाई, अब ग्रेजुएशन के लिए छात्रों को नहीं जाना पड़ेगा बाहर

Bhojpur Degree College : भोजपुर में नवनिर्मित डिग्री कॉलेज में विधिवत पठन-पाठन शुरू हो गया है. इस कॉलेज के खुलने से स्थानीय छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा.

Bhojpur Degree College : भोजपुर जिले के चरपोखरी में नवनिर्मित डिग्री कॉलेज में बुधवार से विधिवत पठन-पाठन का कार्य शुरू हो गया है. इस ऐतिहासिक अवसर पर कॉलेज परिसर में एक भव्य उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने की.

कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत मुख्य अतिथि बिहार सरकार के श्रम संसाधन सह श्रमिक कल्याण मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शैलेन्द्र कुमार चतुर्वेदी एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई. इसके पूर्व, कॉलेज पहुंचने पर प्रभारी मंत्री को पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद सभी आगंतुकों और अतिथियों का स्वागत हुआ.

मुख्यमंत्री ने किया डिजिटल उद्घाटन

समारोह के पूर्व, बिहार के मुख्यमंत्री ने भागलपुर से डिजिटल माध्यम से जुड़कर बिहार के सभी 211 नवनिर्मित महाविद्यालयों का एक साथ ऑनलाइन उद्घाटन किया. इस ऐतिहासिक पल का सीधा प्रसारण कॉलेज परिसर में लगाई गई बड़ी स्क्रीन पर उपस्थित सभी लोगों को दिखाया गया.

लाइव प्रसारण के माध्यम से राष्ट्रगान व राष्ट्रगीत का सामूहिक आयोजन हुआ. इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए, प्रभारी मंत्री और कुलपति द्वारा संयुक्त रूप से महाविद्यालय में लगे शिलापट्ट का पर्दा हटाकर अनावरण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में पौधरोपण भी किया गया.

भूमिदाता लखा बाबा को श्रद्धांजलि

इसके साथ ही, कॉलेज परिसर के मुख्य भूमिदाता लखा बाबा की प्रतिमा पर सभी अतिथियों द्वारा माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. उद्घाटन समारोह को मुख्य रूप से संबोधित करते हुए कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य प्रसुंजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इस कॉलेज के विधिवत शुरू होने से स्थानीय और ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अब उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए क्षेत्र से बाहर नहीं जाना पड़ेगा.

इससे ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का स्तर तेजी से सुधरेगा और गरीब व मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई में काफी सहूलियत होगी.

कार्यक्रम का हुआ सफल संचालन

इस गरिमामयी कार्यक्रम का सफल संचालन मनोज कुमार साह द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया. इस उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से अगियांव के विधायक महेश पासवान, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अरुण प्रकाश, जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मानवेंद्र कुमार राय, डीपीओ नाजिश अली सहित जिला और प्रखंड स्तर के कई आला अधिकारी उपस्थित रहे.

इनके अलावा एसडीओ के. के. उपाध्याय, प्रखंड प्रमुख रामचंद्र सिंह, बीडीओ बिमलादित्य सहित बहुत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, गणमान्य लोग व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.

Also Read : बिलौटी एनकाउंटर की न्यायिक जांच में तीसरे दिन दर्ज हुए बयान, मृतक के भाई ने कार्रवाई पर जताई नाराजगी


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >