Arrah Teacher Death : आरा-बड़हरा मार्ग पर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के बिराहिमपुर करजा पुल के समीप शुक्रवार की सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई. इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया.
घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा. जानकारी के अनुसार मृतक जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कौंरा गांव निवासी स्व. महेंद्र मिश्रा के 55 वर्षीय पुत्र चंद्र किशोर मिश्रा हैं. वर्तमान में वह टाउन थाना क्षेत्र के बाबू बाजार मोहल्ले में अपना मकान बनाकर रहते थे और बड़हरा प्रखंड के बिराहिमपुर स्थित उच्च विद्यालय में शिक्षक थे.
अस्पताल ले जाने के दौरान हुआ निधन
मृतक के बेटे दिव्यांशु मिश्रा ने बताया कि वे प्रतिदिन की भांति शुक्रवार की सुबह बाइक द्वारा स्कूल जा रहे थे. इस दौरान स्कूल के शिक्षकों द्वारा उन्हें सूचना प्राप्त हुई कि उनके पिता सड़क दुर्घटना में जख्मी हो गए हैं और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा है.
सूचना पाकर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने देखने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया.
Also Read : शेखपुरा में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट शुरू, पंचायत के कचरे से बनेगी सड़क और पेवर ब्लॉक
परिजनों द्वारा हत्या की आशंका व्यक्त
वही दूसरी तरफ मृतक के बेटे दिव्यांशु मिश्रा ने बताया कि पहले उनके पिता चंद्र किशोर मिश्रा उसी विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक थे. कुछ माह पहले उस विद्यालय में एक महिला को प्रधानाचार्य बना दिया गया, जिसे लेकर स्कूल में कई लोग उनके विरोधी भी हैं.
Also Read : गया जी-बोधगया की फल्गु नदी अब सालभर बहेगी? केंद्र ने 300 किमी नदी कॉरिडोर पर बनाई योजना
उसने कहा कि उनके पिता के सिर्फ सिर से खून बहा है और थोड़ा सा कंधों पर छिला हुआ है, इसलिए स्कूल के विवाद को लेकर उसने अपने पिता की हत्या किए जाने की आशंका जताई है. साथ ही उसने जिला प्रशासन एवं शिक्षा पदाधिकारी से इस मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग भी की है.
पुलिस का बयान और नीलगाय से टक्कर की सूचना
इस संबंध में बड़हरा थानाध्यक्ष चुनमुन कुमारी ने बताया कि उनके बाइक से नीलगाय टकरा जाने के कारण उनकी मौत होने की सूचना प्राप्त हुई है. पुलिस ने उनके क्षतिग्रस्त बाइक को थाने ले आई है. उनकी नौकरी वर्ष 2014 में हुई थी.
पारिवारिक पृष्ठभूमि और शोक की लहर
बताया जाता है कि मृतक को तीन पुत्र दीपक मिश्रा, दिव्यांशु मिश्रा, सुधांशु मिश्रा एवं एक पुत्री रश्मि कुमारी हैं. उनकी पत्नी सीमा मिश्रा की दो वर्ष पूर्व हार्ट अटैक के कारण मौत हो गई थी. इस घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है और उनके परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
