आरा: छेर नदी के डायवर्सन पर चढ़ा दो से तीन फीट पानी, शाहपुर-बनाही सड़क संपर्क टूटा, आवागमन में दिक्कत

आरा में छेर नदी के डायवर्सन पर पानी चढ़ने से शाहपुर का बनाही रेलवे स्टेशन से सड़क संपर्क टूट गया है. लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं. ग्रामीणों ने ठेकेदार पर प्राक्कलन के अनुरूप निर्माण न करने का आरोप लगाया है.

Arrah News : शाहपुर को बनाही रेलवे स्टेशन से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क पर रुद्रनगर गांव के समीप छेर नदी पर बने डायवर्जन पर तेज बहाव के साथ दो से तीन फीट पानी चढ़ जाने से शाहपुर का बनाही रेलवे स्टेशन से सड़क संपर्क टूट गया है. इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर तेज धार के बीच वाहन और पैदल आवागमन करने को मजबूर हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

प्राक्कलन के अनुरूप निर्माण नहीं होने का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने प्राक्कलन के अनुरूप डायवर्जन का निर्माण नहीं कराया. केवल मिट्टी डालकर उसे समतल कर दिया गया, जबकि डायवर्जन नदी के तल से महज तीन फीट ऊंचा बनाया गया है. लोगों का कहना है कि जुलाई से सितंबर तक छेर नदी में सामान्य रूप से पांच से दस फीट तक पानी रहता है. पुल निर्माण के दौरान पुराना पुल और सड़क भी तोड़ दी गई है, जिससे वैकल्पिक मार्ग भी बंद हो गया है.

छात्रों और मरीजों की बढ़ी परेशानी

यह सड़क शाहपुर के एनएच-84, पटना-बक्सर फोरलेन एनएच-922 और आरा-मोहनिया एनएच-30 को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. डायवर्जन पर तेज बहाव के कारण शाहपुर, बनाही, बिहिया, जगदीशपुर सहित दर्जनों गांवों के लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है. हजारों छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और प्रतिदिन इलाज के लिए शाहपुर आने-जाने वाले सैकड़ों मरीजों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने बरसात शुरू होने से पहले पुल निर्माण पूरा नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से तत्काल सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kumar ravindra

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >