आरा में पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर विचार गोष्ठी का आयोजन, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक की अपील

Arrah News: विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर आरा में सावित्री सेवा संस्थान की ओर से एक विशेष विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया. इस दौरान पर्यावरणविद् दिवंगत विजय कुमार की स्मृति में विश्व पर्यावरण दिवस पर हर नागरिक से एक पौधा लगाने की अपील की गई.

Arrah News: (दीनानाथ मिश्रा की रिपोर्ट) विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को सावित्री सेवा संस्थान के तत्वावधान में शहर के वी-मार्ट के समीप स्थित मोहन मिस्त्री के गैरेज परिसर में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया. डॉ. दिलीप वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस गोष्ठी का मुख्य विषय ‘सिंगल यूज प्लास्टिक का लाभ एवं हानि’ था.

गोष्ठी का विषय प्रवेश कराते हुए कार्यक्रम के संचालक राजेन्द्र ‘पर्यावरण’ ने कहा कि प्लास्टिक आज हमारे दैनिक जीवन में इस कदर रच-बस गया है कि इसके कारण हमारी प्रकृति और जीवन दोनों नरक बनते जा रहे हैं. इसके बावजूद हम लगातार इसके शिकार हो रहे हैं. अब समय आ गया है कि समाज के प्रबुद्ध लोग आगे आएं और विचार करें कि इस वैश्विक समस्या से कैसे निजात पाई जाए.

उत्पादन पर ही रोक लगाए सरकार, तब ही थम पाएगी इस्तेमाल

गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता अशोक मानव ने तीखे शब्दों में कहा कि प्लास्टिक एक अंतरराष्ट्रीय साजिश के तहत भारतवासियों पर थोपा गया है. उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार इसके उत्पादन के स्तर पर ही पूरी तरह रोक क्यों नहीं लगा रही है? केवल खुदरा उपयोग पर जुर्माना लगाना इसका समाधान नहीं है.

अशोक मानव ने कहा कि जब तक जनता एकजुट होकर जनसंघर्ष और जनदबाव के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद नहीं करेगी, तब तक इस पर पूरी तरह प्रतिबंध लगना संभव नहीं है. उन्होंने जिला पर्यावरण संगठन के संरक्षक स्वर्गीय विजय कुमार की याद में कल विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सभी से अनिवार्य रूप से कम से कम एक पौधा लगाने का सामूहिक प्रस्ताव रखा.

डीएम और वन पदाधिकारी को सौंपा जाएगा ज्ञापन

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ सदस्य भारत सिंह ने कहा कि सिर्फ बातों से पर्यावरण नहीं बचेगा, इसके लिए हमें जमीनी स्तर पर प्रयास करने होंगे. उन्होंने प्रस्ताव दिया कि जिले के प्रबुद्ध नागरिकों की एक टीम जल्द ही जिलाधिकारी और वन प्रमंडल पदाधिकारी से मिलकर पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपनी बात रखेगी और इस संबंध में एक मांग पत्र भी सौंपेगी.

गोष्ठी के अंत में अध्यक्षीय भाषण देते हुए डॉ. दिलीप वर्मा ने कहा कि पर्यावरण को बचाने की शुरुआत सबसे पहले हमें अपने आप से और अपने परिवार से करनी होगी. जब हम खुद बाजार में जूट या कपड़े का थैला लेकर निकलेंगे, तभी प्लास्टिक की मांग कम होगी. उन्होंने अपने बहुमूल्य विचार साझा करने के लिए आए हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया.

स्व. विजय कुमार की याद में रखा गया दो मिनट का मौन

सभा के समापन से पूर्व पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जिला पर्यावरण संगठन के संरक्षक स्वर्गीय विजय कुमार की स्मृति में सभी उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.

इस विचार गोष्ठी में मुख्य रूप से वरिष्ठ अधिवक्ता सत्यार्थी जी, अजीत रंजन, वशिष्ठ जी, राजेश कुमार, सुरेश भोजपुरिया, आरसी भूषण, रंजीत कुमार, विशाल कुमार, सुशील जी, रोहित कुमार, मोहम्मद नसीर, अजय कुमार सहित दर्जनों पर्यावरण प्रेमी और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे.

Also Read: खान सर के दो लोगों को पुलिस ने उठाया, फायरिंग वाले वीडियो ने पलटा पूरा मामला? जांच में आया नया मोड़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >