Arrah News: भोजपुर में शनिवार शाम गड़हनी सब्जी बाजार के पास लोहे के बिजली पोल में करंट लगने से एक मजदूर की मौत के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया. मृतक की पहचान मंदुरा गांव निवासी स्व. प्रभु चौधरी के पुत्र 32 वर्षीय गुरुचरण चौधरी के रूप में हुई है. घटना से नाराज ग्रामीणों ने रविवार सुबह करीब 7 बजे गड़हनी पावर सब स्टेशन का घेराव कर दिया और मृतक के परिजनों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की.
सब स्टेशन पर जुटे ग्रामीण, अधिकारियों से हुई बातचीत
घेराव की सूचना मिलते ही गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत और कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे. बाद में बिजली विभाग के कनीय अभियंता निर्मल कुमार भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. ग्रामीणों का कहना था कि जब तक मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा नहीं दिया जाएगा, तब तक वे विरोध जारी रखेंग. स्थिति को देखते हुए मौके पर तनाव बना रहा.
आवेदन देने के बाद समाप्त हुआ घेराव
बातचीत के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग को लिखित आवेदन सौंपा, जिसमें मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की गई. अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर नियमानुसार मुआवजा प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. थानाध्यक्ष कमलजीत ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि आवेदन के आधार पर विभाग आगे की कार्रवाई करेगा.
विभाग ने दिया आश्वासन
कनीय अभियंता निर्मल कुमार ने कहा कि विभागीय नियमों के तहत जो भी मुआवजा बनता है, उसे दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बाजार क्षेत्र में लगे लोहे के बिजली पोल असुरक्षित हैं. गड़हनी सब्जी बाजार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं, लेकिन कई स्थानों पर पोल पर सुरक्षा कवर नहीं लगाया गया है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय किए गए होते, तो यह दर्दनाक हादसा टल सकता था.
सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि सार्वजनिक स्थानों पर लगे बिजली पोलों में रबर या सुरक्षा कवर जैसी जरूरी व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे करंट फैलने का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे बाजार क्षेत्र के बिजली ढांचे की जांच कर तुरंत सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.
Also Read:भोजपुर में दर्दनाक हादसा, सोन नदी में नहाने के दौरान तीन बच्चे डूबे, एक की तलाश जारी
