आरा रोटी बैंक ने उर्मिला देवी के निधन पर आयोजित की श्रद्धांजलि सभा, 200 से अधिक जरूरतमंदों को कराया भोजन

Arrah News: आरा रोटी बैंक की अध्यक्ष सोनाली देवी और सचिव अखौरी दीपक बिहारी की पूज्य माता उर्मिला देवी के आकस्मिक निधन पर आरा रेलवे स्टेशन परिसर में ‘अन्नदान महादान’ कार्यक्रम के तहत 200 से अधिक असहायों, गरीबों और बच्चों के बीच आत्मीयता के साथ भोजन वितरित किया गया.

Arrah News: (दीनानाथ मिश्र की रिपोर्ट) आरा रोटी बैंक की अध्यक्ष सोनाली देवी और सचिव अखौरी दीपक बिहारी की माता उर्मिला देवी के आकस्मिक निधन पर आज महादेवा स्थित रोटी बैंक कार्यालय में एक भव्य श्रद्धांजलि सह शोक सभा का आयोजन किया गया. इस सभा में रोटी बैंक के सभी सदस्यों, स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शहर के कई गणमान्य लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. सभी ने उर्मिला देवी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की.

माँ के संस्कारों से ही मुझे मिला सेवा का भाव: सोनाली देवी

शोक सभा में भावुक होते हुए अध्यक्ष सोनाली देवी ने अपनी माँ को याद किया और कहा, “माँ के संस्कारों और उनकी दी हुई शिक्षा से ही मुझे समाज और गरीबों की सेवा करने का भाव मिला है. आज वह भौतिक शरीर से हमारे बीच भले ही मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन हमेशा हमारे साथ रहेगा.”

वहीं, सचिव अखौरी दीपक बिहारी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि माता जी का जाना पूरे परिवार और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिससे उबर पाना बेहद कठिन होगा. रोटी बैंक के कोषाध्यक्ष मुक्तिकांत जी ने भी बताया कि उर्मिला देवी हमेशा सामाजिक कार्यों में गहरी रुचि लेती थीं और युवाओं को गरीबों की मदद के लिए प्रेरित करती थीं.

रेलवे स्टेशन परिसर में सैकड़ों ने ग्रहण किया भोजन

श्रद्धांजलि सभा के उपरांत, माता जी की पावन स्मृति में आरा रेलवे स्टेशन परिसर में ‘अन्नदान महादान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. रोटी बैंक परिवार की ओर से अत्यंत आत्मीयता के साथ लगभग 200 से अधिक जरूरतमंदों, असहायों, बुजुर्गों, महिलाओं और गरीब बच्चों के बीच पौष्टिक भोजन का वितरण किया गया. इस पुण्य कार्य को देखकर स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों ने भी संस्था की इस पहल की सराहना की.

कार्यक्रम को सफल बनाने में इन सदस्यों की रही सक्रिय भूमिका

इस पूरे श्रद्धांजलि और भोजन वितरण कार्यक्रम को सुचारू और सफल बनाने में आरा रोटी बैंक के सक्रिय सदस्य रितेश साह, राजीव रंजन, राकेश केशरी, राहुल आनंद, संतोष सिंह, रोशन सोनी, राजा जी, मनीष, टूना जी, विशाल, अंकित और अभिषेक सहित कई अन्य युवाओं ने अग्रणी भूमिका निभाई. कार्यक्रम के समापन पर कोषाध्यक्ष मुक्तिकांत जी ने उपस्थित सभी गणमान्य लोगों और सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया.

Also Read: बेगूसराय में BPSC शिक्षक की शर्मनाक करतूत, नाबालिग छात्रा से की अश्लील हरकत, गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >