कोईलवर में जाम के समाधान को लेकर ट्रैफिक डीएसपी ने की बैठक, नो एंट्री में घुसने वाले भारी वाहनों पर होगी सख्त कार्रवाई

Arrah News: कोईलवर में लगातार लग रहे भीषण जाम को लेकर ट्रैफिक डीएसपी मनोज कुमार सुधांशु ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर समाधान पर चर्चा की. अधिकारियों ने नो एंट्री में घुसने वाले भारी वाहनों और ओवरटेकिंग करने वाले ट्रकों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया.

Arrah News: भोजपुर जिले के कोईलवर इलाके में रोज-रोज लगने वाले भीषण जाम की समस्या को लेकर ट्रैफिक डीएसपी मनोज कुमार सुधांशु ने गुरुवार को कोईलवर थाना परिसर में स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक की. बैठक में स्थानीय लोगों ने जाम की समस्या से हो रही परेशानियों को अधिकारियों के समक्ष विस्तार से रखा और उसके स्थायी समाधान की मांग को पुरजोर तरीके से रखा.

ओवरटेकिंग के कारण घंटों लगा रहता है जाम

ग्रामीणों ने बताया कि मानसिक अस्पताल कोईलवर से अब्दुल बारी रेल सह सड़क पुल तक ट्रकों की लंबी कतार और ओवरटेकिंग के कारण रोजाना घंटों जाम लगा रहता है, वहीं छपरा की ओर से आने वाले भारी वाहन थाना मोड़ से बक्सर-पटना फोरलेन (एनएच-922) के डिवाइडर पार कर नगर पंचायत कोईलवर के भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र कपिलदेव चौक तक पहुंच जाते हैं. इससे स्कूल वाहन, यात्री बसें, एंबुलेंस और छोटे वाहन प्रतिदिन घंटों फंसे रहते हैं.

ग्रामीणों ने समस्या से निजात दिलाने की मांग की

ग्रामीणों ने ट्रैफिक डीएसपी से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की. इस पर ट्रैफिक डीएसपी मनोज कुमार सुधांशु ने कहा कि थाना मोड़ से सरकारी स्कूल होकर कपिलदेव चौक आने वाले भारी वाहनों के लिए नो एंट्री लागू की जा रही है. नियम तोड़ने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि लिंक सड़कों पर ओवरटेक करने वाले ट्रकों के खिलाफ भी ऑनलाइन जुर्माना वसूला जाएगा.

डीएसपी ने कपिलदेव चौक का किया निरीक्षण

बैठक के बाद ट्रैफिक डीएसपी, थानाध्यक्ष एवं ग्रामीणों के साथ मानसिक अस्पताल मोड़, झलकुनगर, थाना मोड़ और कपिलदेव चौक का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान ग्रामीण यादवेंद्र कुमार, प्रेम कुमार, राकेश शर्मा, नीरज सिंह, संजीत रजक समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे. हालांकि निरीक्षण शुरू होने से पहले ही नो एंट्री क्षेत्र में खड़ी अधिकांश ट्रक वहां से निकल चुकी थीं. इसे लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. कई लोगों ने आश्चर्य जताया कि निरीक्षण की सूचना पहले ही कैसे पहुंच गई.

इधर, नाम नहीं छापने की शर्त पर एक ग्रामीण ने आरोप लगाया कि हाईवे होकर कपिलदेव चौक पहुंचने वाली ट्रकों से एक पासिंग गिरोह प्रति ट्रक 400 से 500 रुपये तक वसूलता है. वहीं एक स्थानीय दुकानदार ने दावा किया कि गिरोह के कुछ सदस्य ट्रकों को ओवरटेक कराकर नो एंट्री क्षेत्र से धनडीहा की ओर भेजते हैं इसके कारण रोज जाम लगता है.

Also News: डीएम की पहल: भोजपुर में 2 जून से शुरू होंगे सहयोग शिविर, लोगों को मिलेगा लाभ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >