Arrah News: भोजपुर जिले के आरा टाउन थाना क्षेत्र के बलबतरा मोहल्ला स्थित एक फार्म हाउस में बुधवार की देर रात पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है. महिला डांसरों के डांस प्रोग्राम के बीच शराब पार्टी और अवैध हथियार से हर्ष फायरिंग किए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर पांच युवकों को गिरफ्तार किया है. मौके से एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, मैगजीन, खोखा और अंग्रेजी शराब बरामद की गई है.
हर्ष फायरिंग की सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, फार्म हाउस में महिला डांसरों के नृत्य के दौरान हर्ष फायरिंग किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्टल, एक खोखा, एक मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस और 750 एमएल अंग्रेजी शराब बरामद की.
पांच आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान मंजीत कुमार रजक, आकाश कुमार, मो. नसरुद्दीन खान, ताहा अजीज और मो. नजीरूल हक उर्फ नादिर के रूप में हुई है. सभी आरोपितों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
पुलिस अधीक्षक के अनुसार सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read: पटना: साथी की गोली से घायल हुआ युवक, वारदात के बाद बाइक भी ले उड़ा आरोपी
