Arrah News: कंटेनर और बारातियों से भरी स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर, एक की मौत, सात घायल

ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गरहथा गांव के पास कंटेनर और बारातियों से भरी स्कॉर्पियो की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए. पटना ले जाने के दौरान घायल मुकेश नट ने रास्ते में दम तोड़ दिया. सभी घायलों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है.

Arrah News: पटना-बक्सर फोरलेन पर भोजपुर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गरहथा गांव के समीप सोमवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. कंटेनर और बारातियों से भरी स्कॉर्पियो की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चालक समेत सात लोग घायल हो गए. घायलों का इलाज अलग-अलग निजी अस्पतालों में कराया जा रहा है.

कंटेनर से टकराई स्कॉर्पियो, आठ लोग घायल

जानकारी के अनुसार, बारात से लौट रही स्कॉर्पियो जैसे ही गरहथा गांव के पास पहुंची, आगे चल रहे कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगा दिया. इससे पीछे से आ रही स्कॉर्पियो सीधे कंटेनर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार सभी लोग घायल हो गए.

इलाज के दौरान युवक की मौत

घायलों में शामिल कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी ललन नट के 30 वर्षीय पुत्र मुकेश नट की हालत गंभीर थी. उन्हें पहले आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया. लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.

अन्य घायलों का निजी अस्पताल में इलाज

हादसे में चालक समेत कुल सात अन्य लोग घायल हुए हैं. सभी का इलाज परिजनों द्वारा अलग-अलग निजी अस्पतालों में कराया जा रहा है. उनकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं.

बारात से लौटते समय हुआ हादसा

परिजनों के अनुसार, बिहिया थाना क्षेत्र के बेलवनिया गांव में बारात गई थी. इसी बारात में शामिल होने के लिए मुकेश नट और अन्य लोग स्कॉर्पियो से बक्सर गए थे. सोमवार सुबह सभी लोग वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.

परिवार में मचा कोहराम

मृतक अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे. उनके परिवार में पत्नी पुष्पा देवी, चार बेटियां अंजली, सोनी, नंदिनी, काव्या और एक बेटा बलिराम उर्फ गोलू है. हादसे की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

ALSO READ: पटना वीमेंस कॉलेज में एडमिशन की दौड़ शुरू, प्रवेश परीक्षा से तय होगा बीए और बीएससी ऑनर्स में दाखिला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >