Arrah Education Officer Attack : आरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रतनपुर ओवरब्रिज के समीप गुरुवार की शाम कार सवार हमलावरों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के डीपीएम (सर्व शिक्षा अभियान) एवं अन्य कर्मियों पर अचानक लाठी-डंडे से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें तीनों लोग घायल हो गए.
इस दौरान उनकी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. जानकारी के अनुसार सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राहुल कुमार अपने दो अन्य कर्मी के साथ गाड़ी से कार्यालय से वापस जा रहे थे.
तभी अचानक गाड़ी को ओवरटेक करके कार सवार लोगों ने उन पर हमला कर दिया. घटना को लेकर काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही एवं पूरे इलाके में सनसनी मच गई. बाद में शोर मचाने के बाद आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचे, तब तक कार सवार बदमाश फरार हो गए.
Also Read : आरा में हजारों मवेशियों पर मंडरा रहा बरसाती बीमारियों का खतरा, टीकाकरण नहीं होने से पशुपालक चिंतित
अस्पताल में भर्ती और थाने पर कर्मियों का प्रदर्शन
इस घटना में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के एक कर्मी को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं घटना के बाद आक्रोशित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के कर्मी समेत अन्य अधिकारी मुफस्सिल थाना पहुंच गए एवं उन लोगों ने घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे.
बताया जा रहा है कि शाम 6 बजे के बाद पदाधिकारी अपने कर्मियों के साथ वापस लौट रहे थे. तभी अचानक आधा दर्जन से ज्यादा की संख्या में लोगों ने उनके ऊपर हमला कर दिया. घायल लोगों ने बताया कि जान मारने की नीयत से ही उनके ऊपर हमला किया गया है, लेकिन वे लोग किसी तरह स्थानीय लोगों की मदद से बच गए.
Also Read : गया जी के विष्णुपद मंदिर समेत 60 स्थानों का फायर ऑडिट, 40 भवनों में मिली अग्नि सुरक्षा की कमी
जिला शिक्षा पदाधिकारी की प्रतिक्रिया और पुलिस जांच
वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी मानवेंद्र कुमार राय भी मुफस्सिल थाना पहुंचे. उन्होंने बताया कि जिला कार्यक्रम पदाधिकारी एवं दो अन्य कर्मी जो कि उनके साथ कार्यालय से वापस लौट रहे थे, उनके ऊपर जानलेवा हमला किया गया है, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई हैं. उनका इलाज कराया जा रहा है. वहीं पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.
